Sunday, January 26, 2014

अंडमान में नाव पलटी, 21की मौत

boat accident in andaman, 21 dead
अंडमान निकोबार की राजधानी पोर्ट ब्लेयर के पास एक नाव हादसे में 21 लोगों की डूबकर मौत हो गई है। मारे गए लोग पर्यटक थे और ज़्यादातर तमिलनाडु के कांचीपुरम और मुंबई के थे।

हादसा रविवार शाम पौने तीन बजे के क़रीब पूर्वी अंडमान और निकोबार इलाक़े में समुद्र तट से तीन किलोमीटर दूर हुआ।

मरीन रेस्क्यू एंड कोऑर्डिनेशन कमांड को हादसे की ख़बर क़रीब चार बजे मिली। मगर तब तक मछुआरों ने कुछ लोगों को बचा लिया था।हादसे की जगह रॉस आयलैंड और नॉर्थ बे के बीच बताई गई है।

बीबीसी से बातचीत में पोर्ट ब्लेयर के कलेक्टर पी जवाहर ने बताया, ''हमने अब तक 13 लोगों को बचा लिया है। नाव पर तीन बच्चे भी सवार थे जिनमें से एक की डूबकर मौत हो गई है।''

उन्होंने बताया, ''बचाव और राहत का काम जारी है। भारतीय कोस्ट गार्ड और भारतीय वायु सेना बचाव कार्यों में लगे हैं। नाव पर क़रीब 45 लोग सवार थे। नाव के डूबने के मामले में जांच की जाएगी।''

'ज़्यादा लोगों को ले जाने की क्षमता नहीं'

अधिकारियों ने बताया है कि 45 पर्यटकों में क़रीब 32 तमिलनाडु और पांच मुंबई के थे।

डीजी पुलिस सुधीर यादव ने बताया, ''यह कम दूरी तक जाने वाली नाव थी। हमें अंदेशा है कि इसमें इतने ज़्यादा लोगों को ले जाने की क्षमता नहीं थी।''

लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान रात में जारी है। इसके लिए नावों और हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment