Monday, January 13, 2014

काम के नाम पर ‘चुहलबाजी’ कर रही है आप: अरूण जेटली

Arun jetli slams aam admi party
भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को अपरांपरागत तरीके से सरकार चलाने के नाम पर 'चुहलबाजी' करने का आरोप लगाया है।

पार्टी ने कहा है कि इस तरह की 'चुहलबाजी' आप को पहले लोगों में उपहास का पात्र बनाएगी। शासन चलाने के मामले में यह लगातार जारी रही तो आप को लोगों की भारी नाराजगी का सामना करना पड़ेगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने अपने फेसबुक पर पेस्ट किए गए लेख के जरिए न केवल आप को नसीहत दी है, बल्कि सरकार चलाने के तरीके की कड़ी आलोचना भी की है।

बीते 11 जनवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जनता दरबार का जिक्र करते हुए जेटली ने कहा है ऐसा लगता है कि पूरी की पूरी सरकार शासन चलाने के अपने तरीके के कारण दिग्भ्रमित हो गई है।

उन्होंने कहा कि शासन चलाने का अर्थ इसके नाम पर चुहलबाजी करना नहीं है। जेटली ने अपने लेख में आप को नसीहत देते हुए कहा है कि उसके सामने लोगों का विश्वास जीतने का एक बड़ा और ऐतिहासिक अवसर है।

मगर उन्हें यह समझना होगा कि बिना बेहतर शासन के लोकप्रियता हासिल करने का हथकंडा महज चुहलबाजी मानी जाएगी।

उन्होंने याद दिलाया है कि जिस प्रकार मतदाता अपनी पसंद चुनते समय निर्दयी होता है, उसी प्रकार वह बेहतर शासन न चलाने का भी दंड देता है।

उन्होंने कहा है कि वर्तमान दिल्ली में एक तबका सुविधाहीन है तो दूसरा तबका वैश्विक शहरों की तरह सुविधाएं पा रहा है। आप के सामने दोनों ही तबकों को बेहतर शासन देने की चुनौती है।

No comments:

Post a Comment