Thursday, March 20, 2014

'लहर कहां, भाजपा में तो जूते चल रहे'

फतेहपुर सीकरी और आगरा लोकसभा सीट के कार्यकर्ताओं में जोश भरने आए सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भाजपा पर तीखा व्यंग्य किया। कहा, भाजपा में तो जूते चल रहे हैं, उसकी लहर कहां है।

गाजियाबाद से लेकर देवरिया तक यही हाल है। फीरोजाबाद पर बसपा के नेता को लड़ा रहे तो फतेहपुर, मथुरा और हाथरस में प्रत्याशी तक नहीं मिल पा रहे हैं।

साईं गार्डन में रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा शाइनिंग इंडिया हश्र भूल गई है। केंद्र में अगली सरकार भाजपा या कांग्रेस की नहीं होगी।

मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में तीसरा मोर्चा बेहतर विकल्प के रूप में उभरेगा। सीकरी से रालोद की टिकट पर चुनाव लड़ रहे सपा के पुराने नेता अमर सिंह के सवाल पर रामगोपाल ने कहा कि अमर सिंह 'शून्य' हैं।

सपा से निकलने बाद उनकी कोई हैसियत नहीं रह गई है। विधानसभा चुनाव में उन्हें यह एहसास हो चुका है। और बसपा को तो जनता ही सबक सिखा देगी।

प्रो. रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का सख्त संदेश दिया। कहा कि जिसे पार्टी छोड़नी है वह अभी चला जाए, कोई शिकायत नहीं होगी। लेकिन चुनाव में गद्दारी माफ नहीं की जाएगी। यह भी नसीहत दी कि सभी से विनम्रता से पेश आए। गुंडई करने वालों का टिकट कटने में आधा मिनट भी नहीं लगा, यह सभी देख चुके हैं।

No comments:

Post a Comment