Saturday, March 22, 2014

शिवसेना के उम्मीदवार को तीन साल की कैद

shiv sena contestants imprisoned for three years
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष अदालत ने शिव सेना के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के पूर्व सामाजिक कल्याण मंत्री बबनराव घोलप और उनकी पत्नी को तीन साल कैद की सजा सुनाई है।

उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में यह सजा सुनाई गई है। अदालत ने उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

घोलप नासिक विधानसभा क्षेत्र की एक सीट से विधायक हैं। वह 1995 में भाजपा शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार में सामाजिक कल्याण मंत्री थे। लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से उन्होंने 1999 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

शिवसेना ने इस बार उन्हें शिरडी लोक सभा से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन अदालत की ओर से दोषी करार देने के बाद घोलप अब कानूनी तौर पर चुनाव लड़ने के अयोग्य हो गए हैं।

एंटी करप्शन ब्यूरो की अदालत के जज ए वी दौलताबादकर ने घोलप और उनकी पत्नी शशि कला को आय के ज्ञात स्रोतों से काफी अधिक धन इकट्ठा करने का दोषी ठहराया है। इस आरोप में उन्हें तीन साल कैद की सजा सुनाई गई है। हालांकि उन्हें बाद में जमानत दे दी गई।

ऐसा टूल, जिसने उड़ा दिए कांग्रेस के होश!

State congress starts social media campaign
भाजपा और आम आदमी पार्टी से सबक लेकर कांग्रेस ने युवा मतदाताओं का लिंक सोशल मीडिया से ढूंढना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने ट्विटर और फेसबुक जैसी वेबसाइट पर कैंपेन चलाने का फैसला किया है।

इसके लिए कांग्रेस व यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रीय कांग्रेस की टीम भी मदद करेगी। यूथ कांग्रेस की बैठक बुलाकर उन्हें वाट्स एप व अन्य नेटवर्किंग साइटों से जुड़कर कांग्रेस का एजेंडा तय करने को कहा गया है।

पढ़ें: पांच साल में 350% बढ़ गई सिब्बल की संपत्ति

इसकी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हरिशंकर गुप्ता समेत प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक व महासचिव राधिका खेड़ा सोशल मीडिया को सौंपी गई है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस दफ्तर की पांचवीं मंजिल पर सेटअप तैयार किया जा रहा है।

अहम है कि दिल्ली, भाजपा के फेसबुक पेज पर 4.5 लाख लोग जुड़े हैं जबकि कांग्रेस केपेज पर दो हजार लोग ही जुड़े हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन के नौ हजार फॉलोअर्स हैं तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह के फॉलोअर्स की तादाद छह सौ से भी कम है। जबकि आप के फेसबुक पेज पर 17 लाख फॉलोअर्स हैं।

उमा बोलीं, भोपाल से नहीं मांगा टिकट

uma bharti never demanded ticket from bhopal
उमा भारती के झांसी की जगह भोपाल से टिकट मांगने की खबरें मीडिया में आईं लेकिन भाजपा की फायर ब्रांड नेता ने इनका खंडन किया है।

झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी उमा भारती ने भोपाल से टिकट मांगे जाने की खबरों को बेबुनियाद और आधारहीन बताया है।

मीडिया में भारती द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को चिट्ठी लिखकर भोपाल से टिकट मांगने से संबंधित खबर आने पर स्थानीय कार्यकर्ता विचलित हो उठे।

नागपुर में मौजूद उमा भारती को जब यह खबर लगी तो उन्होंने तत्काल फैक्स भेजकर सफाई दी। फैक्स में उन्होंने समाचार को बेबुनियाद व आधारहीन बताते हुए कहा कि उन्होंने भोपाल से टिकट मांगने के संबंध में कोई चिट्ठी राजनाथ सिंह को नहीं लिखी।

वह बीस मार्च को नागपुर में रानी अवंतीबाई बलिदान दिवस पर नितिन गडकरी एवं प्रहलाद पटेल के साथ एक जनसभा में भाग लेने आई थीं।

21 मार्च को झांसी लोकसभा सीट पर कुछ कार्यक्रमों में हिस्सेदारी करनी थी। उनका बायां पैर 1996 की दुर्घटना के बाद से कमजोर है। करीब एक हफ्ते पहले पुन: उसी पैर में चोट लग गई। इस कारण तकलीफ बढ़ गई। इस कारण सभी कार्यक्रम स्थगित करने पड़े

चिकित्सकों के परामर्श के बाद वह अब आगे की यात्रा करेंगी। फैक्स आने के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया।

Friday, March 21, 2014

जेल में पाकिस्तानी कैदी ने निगला ब्लेड

pakistani prisoner dead in punch jail
पाकिस्तानी कैदी ने पुंछ की जेल में वीरवार को अपनी बैरक में ब्लेड निगल लिया। इससे कैदी इश्तियार अली (30) का मुंह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। इसके वह बुरी तरह से चिल्लाने भी लगा।

बताया जा रहा है कि इश्तियार अली ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है। जीएमसी पहुंचने से पहले ही इश्तियार अली को उलटी हुई और ब्लेड बाहर निकल आया।

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी कैदी पुंछ की जेल में पिछले कुछ समय से सजा काट रहा था। वीरवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसने शेविंग वाला ब्लेड निगल लिया।

ब्लेड मुंह के अंदर तक चला गया था। इससे उसका मुंह कट फट गया और वह घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर हो गई। जेल वार्डन ने कैदी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया।

वहां उसकी हालत बिगड़ती देख डाक्टरों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया। जीएमसी पहुंचने से पहले ही अली को उलटियां आने लगीं। तभी ब्लेड उसके मुंह से बाहर निकल गया।

देर रात को जीएमसी पहुंचे कैदी को इमरजेंसी में रखा गया है। कैदी की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस कैदी के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगा रही है।

फिर कटा सिंह का टिकट, प्रमोद ही होंगे प्रत्याशी

pramod patel will contest from pratapgarh
सपा ने लोकसभा की प्रतापगढ़ सीट से सीएन सिंह का टिकट फिर काट दिया है।

राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रतापगढ़ से प्रमोद पटेल ही अधिकृत प्रत्याशी होंगे।

एक पखवारे के भीतर सपा ने प्रतापगढ़ को लेकर दो बार अपना फैसला बदला है। दूसरी बार सिंह का टिकट काटकर फिर प्रमोद को उम्मीदवार बनाया गया है।

प्रमोद पूर्व सांसद जंगबहादुर पटेल के पुत्र हैं। इससे पहले 6 मार्च को सीएन सिंह का टिकट काटकर प्रमोद पटेल को देने की घोषणा की थी।

18 मार्च पार्टी ने फैसला बदलते हुए सीएन सिंह को फिर प्रत्याशी बनाया, लेकिन पार्टी ने बृहस्पतिवार को फिर निर्णय पलट दिया और पटेल को उम्मीदवार बना दिया।

उधर, राजस्थान की अलवर सीट से बिरजानंद यादव को प्रत्याशी घोषित किया है।

एक फैमिली का लव, सेक्स और धोखा!

one family and love, sex and dhoka
फैमिली ड्रामे में दुष्कर्म की कहानी गढ़ हाइप्रोफाइल लोगों को ठगने की ये कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। दिल्ली पुलिस ने जब इस फिल्मी कहानी से पर्दा उठाया तो पुलिस अधिकारी भी भौंचक्के रह गए।

आरोपी हाईप्रोफाइल लोगों को ही ठगी का शिकार बनाते थे और 40 से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये ठग चुके हैं। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. पी. करूणाकरन ने बताया कि लाजपत नगर पुलिस ने दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर एक्सर्टोशन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह में नौ युवतियों समेत करीब 11 लोग हैं। रंजीता ग्रोवर (35) इस गिरोह की सरगना है। पुलिस ने व्यक्ति शहनवाज, रंजीता ग्रोवर व लता समेत छह युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी संत नगर, बुराड़ी केरहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह केसदस्य पहले हाईप्रोफाइल व रंगीनमिजाज लोगों को तलाश करते थे। इसके बाद उनकेपास युवतियों को भेजते थे। मौकेपर पहुंचकर जब युवती शख्स केसाथ शीरीरिक संबंध बना लेती थी तभी युवती के इशारे पर गिरोह के अन्य सदस्य मौकेपर पहुंच जाते थे। मौकेपर पहुंचकर एक महिला युवती की मां, दूसरी बुआ और तीसरी बहन बन जाती थी और व्यक्ति पुरुष बन जाता था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के सदस्य मौके पर पहुंचकर पहले तो युवती को अपनी बेटी बताकर उसकी जिंदगी बर्बाद करने की बात कहते थे। फिर दिखावे के लिए युवती के साथ हल्की-फुल्की मारपीट करते थे। इसके बाद गिरोह सदस्य युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने वाले शख्स को दुष्कर्म केमामले में फंसाने की धमकी देते थे और शख्स से मोटी रकम ऐंठते थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह इन लोगों ने लाजपत नगर इलाके में रहने वाले आयकर अधिकारी को दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दी और उससे आठ लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने आयकर अधिकारी से पांच लाख रुपये और मांगे तो अधिकारी ने इसकी शिकायत लाजपतनगर थाने में दर्ज कराई।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों केअनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। ये लोग किस-किससे ठगी कर चुके है इसको लेकर पूछताछ जारी है। बाकी युवतियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दिल्ली व एनसीआर में दबिश दे रही थी।

छेड़छाड़ में रक्षा मंत्रालय के ज्वाइंट डायरेक्टर ग‌िरफ्तार

Joint Director arrested for molesting student
समयपुर बादली थाने की पुलिस ने 14 साल की किशोरी से छेड़छाड़ करने के आरोप में रक्षा मंत्रालय के ज्वाइंट डायरेक्टर जेएल भिंड (45) को गिरफ्तार किया है। रोहिणी सेक्टर-18 के एक अपार्टमेंट में रहने वाली छात्रा यहां पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है।

पुलिस के मुताबिक छात्रा होली वाले दिन होली खेलने के लिए अधिकारी के घर गई थी। छात्रा का आरोप है कि अधिकारी ने उसका हाथ पकड़कर कमरे में खींचने की कोशिश की।

छात्रा विरोध करके वहां से भाग निकली और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार वालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल करवाया और 164 के तहत बयान दर्ज करके आरोपी अधिकारी के खिलाफ छेड़छाड़ और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया।

जांच में पता चला कि आरोपी अधिकारी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया था। बुधवार रात पुलिस ने अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को रोहिणी जिला अदालत स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट चरणजीत सिंह की अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।