Wednesday, March 12, 2014

हिमस्खलन ने ले ली 11लोगों की जान

11 killed in avalanche
जम्मू-कश्मीर में आज अचानक हुए हिमस्खलन से करीब 11 लोगों के मारे जाने की खबर आ रही है। मृतकों में सेना के भी दो जवान शामिल हैं।

हालांकि इस आपदा से 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। भारी बर्फबारी के कारण करीब 150 घरों को भी भारी नुकसान हुआ है।

घटना लद्दाख के कारगिल सेक्टर की है। दोनों फौजियों के शवों को बरामद कर लिया गया है और राहत व बचाव का काम लगातार जारी है।

आपको बता दें कि लगातार हो रही बर्फबारी से कश्मीर घाटी में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। साथ ही पानी और बिजली की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है।

लद्दाख के जोजिला, द्रास और कारगिल रीजन में बर्फबारी जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने उड़ी, तंगधार, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, बड़गांव, बारामुल्‍ला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा में अलर्ट जारी कर दिया है।

अगले दो दिनों में यहां भारी बर्फबारी और बारिश होने की चेतावनी दी गई है। लोगों को घरों के बाहर न निकले के लिए कहा गया है। साथ ही तूफान की संभावना भी जताई गई है। गौरतलब है कि मंगलवार को मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि लोग घरों से बाहर न निकलें।

अजित के 'अमर' दांव से हिल गई भाजपा

bjp get shocked by chaudhry step
चौधरी अजित सिंह के दांव से वेस्ट यूपी में भाजपा को एक और झटका लगा है।

चुनावी नतीजे चाहे जो भी हों लेकिन जाट आरक्षण के बाद अमर सिंह और जयाप्रदा की एंट्री से राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।

मुजफ्फरनगर दंगे के बाद रालोद को बड़ा झटका लगा था। जाट और मुसलमान उससे छिटक गए थे। अजित सिंह और जयंत चौधरी ने सद्भावना कायम करने की कोशिशें की।

जयंत गांव-गांव गए। कुछ हद तक उनकी नाराजगी दूर होने के बाद जाट आरक्षण के फैसले से रालोद को थोड़ी मजबूती मिली।

फिर भी बड़ी समस्या यह संदेश देने की थी कि रालोद लोकसभा चुनाव की लड़ाई जीतने के लिए लड़ रहा है। ऐसी स्थिति बनने पर ही उसे जाटों का ज्यादा समर्थन मिलने की उम्मीद थी।

अमर सिंह और जयाप्रदा को पार्टी में शामिल करके चौधरी अजित सिंह ने यही संदेश देने की कोशिश की है। अमर सिंह भले ही सपा से अलग होने के बाद राजनीति में खास असर न छोड़ पाए हों लेकिन चर्चा में बने रहते हैं।

छोटी पार्टी होने के कारण उनके आने से रालोद के कारकून में उत्साह का संचार हुआ है। ऐसी संभावना है कि रालोद जयाप्रदा को बिजनौर की सिटिंग सीट से चुनाव लड़ाएंगे।

अमर सिंह को फतेहपुर सीकरी से चुनावी जंग में उतारा जा सकता है। दोनों ही सीटों पर जाट वोट अच्छी तादाद में हैं। फतेहपुर सीकरी में जाटों के साथ ही ठाकुर वोट भी काफी हैं।

तो बदलेगा राजनीतिक समीकरण
सपा ने फतेहपुर सीकरी से कैबिनेट मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह की पत्नी पक्षालिका सिंह को प्रत्याशी बनाया है। बसपा से पूर्व मंत्री उपाध्याय की पत्नी और मौजूदा सांसद सीमा उपाध्याय मैदान में हैं।

अमर सिंह को प्रत्याशी बनाए जाने से वहां राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आएगा। वह चुनाव में मजबूत कोण बनकर उभर सकते हैं। बिजनौर में जयाप्रदा के ग्लैमर और परंपरागत वोटरों के भरोसे रालोद चुनावी जंग लड़ेगा।

इन दोनों नेताओं के आने से अब तक भाजपा के पक्ष में बन रही बेहतर चुनावी संभावनाएं थोड़ी धूमिल हो सकती हैं। जाट आरक्षण से भी भाजपा को मामूली झटका लगा है।

उसके लिए वेस्ट यूपी का मैदान एकदम साफ नहीं रहेगा। बिजनौर सीट पर सपा ने पूर्व विधायक शाहनवाज राणा और बसपा ने पूर्व विधायक मलूक नागर को प्रत्याशी बनाया है।

प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाना पड़ा भारी

Rape with 14 years old lover
दिल्ली में चौदह वर्षीय प्रेमिका से शारीरिक संबंध बनाने के मामले में आरोपी को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने दुष्कर्म का दोषी ठहराया है।

अदालत ने कहा कि आरोपी ने पीड़िता की सहमति से संबंध बनाए थे, लेकिन तब भी वह दुष्कर्म का दोषी है। किशोरी की अनुमति की कोई अहमियत नहीं है।

पढ़ें: घुमाने के बहाने दो साल की बच्‍ची से दुष्कर्म

डाबड़ी थाना पुलिस ने दिसंबर 2000 में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी मूलरूप से बिहार के गया का रहने वाला है।

वह पीड़ित के घर किराये पर रहता था। द्वारका जिला अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र भट ने आरोपी सुरेंद्र पासवान को दोषी ठहराते हुए कहा कि उस समय लड़की की उम्र केवल 14 साल थी।

पढ़ें: 7वीं की छात्रा से सहपाठियों ने की रेप की कोशिश

इसलिए शारीरिक संबंध बनाने के लिए उसकी अनुमति की कोई अहमियत नहीं है। हालांकि, अदालत ने आरोपी को अपहरण के आरोपों से बरी कर दिया है।

अमिताभ बीमार, डॉक्टर की देखरेख में

amitabh bachchan ill
बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन बीमार पड़ गए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है।

अपनी फ़िल्म 'भूतनाथ रिटर्न्स' के प्रमोशन में जी-जान से जुटे अमिताभ बच्चन की सेहत पर इसका असर पड़ा और वो बीमार पड़ गए।

उनकी जांच के लिए सीटी स्कैन किया गया जिसकी रिपोर्ट तो ठीक आई है लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें पूरे आराम की सलाह दी है।

अमिताभ ने फ़ेसबुक और ट्विटर पर अपने प्रशंसकों को सूचित किया, "टेस्ट ठीक आए हैं. लेकिन मेरे सीने में दर्द है. दवाएं ले रहा हूं। आराम करने को भी कहा गया है लेकिन काम की प्रतिबद्धता भी है। मैं तबियत के बारे में आप लोगों को बताता रहूंगा।


सोना फिर से महंगा, चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी

gold price rise again and silver rise again
पिछले तीन दिनों की गिरावट से उबरकर सोना बुधवार को 320 रुपये की मजबूती के साथ एक बार फिर 31 हजार के पार 31,020 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

विदेशी बाजारों में तेजी और घरेलू थोक एवं खुदरा बाजारों में खरीदारी जोर पकड़ने से भाव में मजबूती लौटी। दूसरी ओर, औद्योगिक एवं चांदी सिक्का निर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी हाजिर के भाव भी 600 रुपये की उछाल लेकर 46,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए।

कारोबारियों का कहना है कि सोने में आई रिकवरी की मुख्य वजह थोक और खुदरा बाजार में निचले भावों पर खरीदारी में आई तेजी रही। वहीं, विदेशी बाजारों में सोना करीब छह माह के टॉप पर पहुंच गया। जिसका घरेलू बाजारों पर सकारात्मक असर हुआ। सिंगापुर में सोने के भाव 1.1 फीसदी बढ़कर 1,363.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। यह विगत 20 सितंबर के बाद का उच्चतम स्तर है। चांदी भी 1.3 फीसदी ऊपर 21.10 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई।

घरेलू बाजारों में सोने में आई रिकवरी का असर हालांकि सोने के सिक्कों पर नहीं देखा गया। सोने की आठग्रामी गिन्नी 25,400 रुपये प्रति के भाव पर स्थिर रही। चांदी सिक्कों के भाव भी पुराने स्तर पर टिके रहे। चांदी सिक्का लिवाली 86,000 और बिकवाली 87,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बने रहे।

Thursday, March 6, 2014

पीएफ पर मिलेगा ज्यादा ब्याज

pf interest rate increased
पांच करोड़ पीएफ खाताधारकों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने पीएफ धनराशि पर मिलने वाले ब्याज की दर को बढ़ा दिया है।

सरकार ने वित्त वर्ष 2013-2014 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) पर 8.75 फीसदी ब्याज को मंजूरी दे दी है। इससे ईपीएफ संगठन के पांच करोड़ खाताधारकों को फायदा होगा।

एक अधिकारी ने बताया कि ईपीएफओ के ट्रस्टियों के फैसले पर वित्त मंत्रालय ने मुहर लगा दी है। ईपीएफओ की शीर्ष इकाई केंद्रीय ट्रस्टी बोर्ड ने 13 जनवरी को ईपीएफ पर साल 2012-13 में 8.50 फीसदी ब्याज को चालू वित्त वर्ष में बढ़ाकर 8.75 फीसदी करने का फैसला किया था।

इस फैसले को वित्त मंत्रालय के पास भेजा गया। वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिल जाने के बाद ब्याज की राशि अब खाताधारकों के अकाउंट में जमा करवा दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश में डॉक्टरों की हड़ताल वापस

Back to the doctors' strike in Uttar Pradesh
कानपुर में डॉक्टरों पर पुलिस के लाठीचार्ज के बाद चल रही हड़ताल को वापस ले लिया गया है। यह हड़ताल सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह से मुलाकात के बाद वापस ली गई है।

लखनऊ से वार्ता कर बुधवार देर रात लौटे आईएमए एक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र लाल चंदानी ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज एलटी-थ्री में आयोजित जनरल बाडी की मीटिंग (एजीएम) में बताया कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने मुलाकात में मांगें मानने की बात कही। यह भी कहा कि वे लड़कों (चिकित्सा छात्रों) के भविष्य के बारे में चिंतित हैं।

आईएमए के पदाधिकारियों ने कहा कि हम हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान और पालन भी करेंगे। इसके बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय हुआ।

बुधवार रात साढ़े बारह बजे तक चली इस बैठक के बाद आईएमए की अध्यक्ष डॉ. आरती लाल चंदानी ने जूनियर डॉक्टरों और चिकित्सा छात्रों से कहा कि ज्यादातर चिकित्सा शिक्षक काम पर लौट आए हैं। इसलिए हड़ताल खत्म कर दी जाए।

जूनियर डॉक्टरों और स्टूडेंट्स ने विरोध भी किया लेकिन समझाने पर डॉक्टर मान गए। आईएमए के� सचिव डॉ. रवि कुमार ने बताया कि 6 मार्च से सामान्य रूप से कामकाज होगा।

हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए हड़ताल वापस ले ली है। प्रशासन धारा 169 के तहत राजी हो गया है। बृहस्पतिवार को बच्चे छूट जाएंगे। बाद में उन्हें क्षतिपूर्ति भी मिलेगी। न्यायिक जांच होगी। एजीएम में डॉ. मलय चतुर्वेदी, डॉ. निखिल गुप्ता समेत तमाम पदाधिकारी शामिल रहे।