Sunday, December 29, 2013

शपथग्रहण के दौरान नारेबाजी करने वाला सिपाही सस्पेंड

Delhi constable suspend
रामलीला मैदान में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब वहां सुरक्षा में तैनात एक सिपाही ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार के अधीन करने की मांग कर दी।
उसकी यह मांग करते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सिपाही को दबोच लिया। सिपाही को पकड़ते ही पीछे बैठे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उसके बचाव में खड़े हो गए। जब पुलिसकर्मी उसे मैदान से बाहर ले जाने लगे तो कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया।
शोर शराबा होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से शांत रहने की अपील की। सिपाही की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई।
वह मूलत: राजस्थान का रहने वाला है और वर्ष 2010 में दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही भरती हुआ था। आला अधिकारियों ने चौथी बटालियन में तैनात इस सिपाही को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

कौशांबी से कैबिनेट, जानें क्या-क्या हुआ?

aap supremo arvind kejriwal's cm swearing in ceremony
6.15 बजेः भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने गाने के जरिए मुख्यमंत्री केजरीवाल पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का समर्थन लेने से केजरीवाल का असली चेहरा सामने आया है।
6.10 बजेः
राजघाट के पीछे गेस्‍ट हाउस में ठहरेंगे मुख्यमंत्री। गेस्ट हाउस के पांच कमरे सीएम के लिए बुक। ये गेस्ट हाउस इंद्रप्रस्‍थ गैस लिमिटेड का है।
5 बजेः
दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बी एस बस्सी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए पहुंचे हैं।
4.45 बजेः
दिल्ली के नए शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार 3 जनवरी तक चले या पांच साल, हमें काम तेज रफ्तार से करना होगा। दरअसल, सिस्टम खराब कर दिया गया। उसे ठीक करना है। पांच साल भी शायद कम पड़ेंगे।
4.30 बजेः दिल्ली के मंत्री अपनी गाड़ियों पर लाल बत्ती का इस्तेमाल नहीं करेंगे।
4 बजेः
सभी मंत्रियों के नए सचिव घोषित कर दिए गए हैं। दिल्ली के सभी पुराने सचिव बदल दिए गए हैं। 4.40 बजे केजरीवाल की दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मुलाकात होनी है।
3.45 बजेः अरविंद केजरीवाल आज पार्टी दफ्तर में ही रुकेंगे। कल सवेरे दस बजे वह जनता दरबार में लोगों की दिक्कतें जानेंगे।
3.30 बजेः प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फोन कर बधाई दी।

3 बजेः
दिल्ली विधानसभा का सत्र 1 से 7 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान केजरीवाल सरकार को विश्वास मत हासिल करना होगा।
2.30 बजेः नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सचिवालय से सुरक्षा हटा दिया है। उन्होंने सिक्योरिटी को वहां से जाने के लिए कहा।

2.10 बजेः
अरविंद केजरीवाल को घर देखने के लिए तीन विकल्प दिए गए। ये हैं- राजनिवास मार्ग, सत्य मार्ग और गोल मार्केट।
2.05 बजेः
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे आज आला प्रशासनिक अधिकारियों, आईजीएल के अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेंगे। एक कैबिनेट बैठक दोपहर में होनी है और अगर कोई अहम फैसला करना हुआ तो शाम में फिर से कैबिनेट की बैठक हो सकती है। जैसे-जैसे फैसले होंगे, इसकी जानकारी दी जाएगी।

1.55 बजेः
सोमनाथ भारती को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रालय का भी प्रभार।
1.50 बजेः
गिरीश सोनी को एससी-एसटी और श्रम मंत्रालय सौंपा गया। वहीं सोमनाथ भारती को पर्यटन, विधि और प्रशासनिक सुधार का जिम्मा दिया गया।
1.30 बजेः
अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद के अलावा वित्त और ऊर्जा मंत्रालय का भी जिम्मा संभालेंगे। मनीष सिसोदिया को शिक्षा मंत्रालय और पीडब्‍ल्यूडी का जिम्मा दिया गया है। सौरभ भारद्वाज को परिवहन मंत्रालय, राखी बिरला को महिला एवं बाल कल्याण और सतेंद्र जैन को स्वास्‍थ्य मंत्री बनाया गया है।
12.55 बजेः कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी शकील अहमद ने भी अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। अहमद ने फिर स्पष्ट किया कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी को बाहर से समर्थन दे रही है। वह सरकार में शामिल नहीं होगी।

12.45 बजेः
अरविंद केजरीवाल राजघाट पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है।
12.41 बजेः
बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अरविंद केजरीवाल को सीएम बनने पर बधाई दी है। उन्होंने केजरीवाल को नरेंद्र मोदी के लिए खतरा मानने से इनकार किया है।

12.40 बजेः
मुझे उम्मीद है कि आने वाले पांच साल में यह देश सोने की चिड़िया कहलाएगा। हम सभी को मिलकर दिल्ली को बदलना है। हमें कसम खानी है कि हम कभी रिश्वत नहीं लेंगे और न देंगे।
12.38 बजेः कोई रिश्वत मांगे, तो मना मत करना। एक फोन नंबर देंगे। उस पर फोन करके इस बात की जानकारी दे देना। उसे पकड़वा देंगे। आपका काम मैं करवाऊंगा। केजरीवाल ने भाषण का अंत एक देशभक्ति गीत से किया। अंत में मैं कहना चाहूंगा कि बीते दो साल से देश में कुछ अद्भुत हो रहा है। अन्नाजी अनशन पर बैठे, तो जनता सड़कों पर उतर आए। यह भगवान का चमत्कार है। दिल्ली गैंगरेप मामले में भी ऐसा हुआ। जनसैलाब सड़कों पर उतर आया।

12.37 बजेः
केजरीवाल ने कहा कि एक हफ्ते के बाद विश्वास प्रस्ताव आएगा। कुछ लोग कह रहे हैं कि प्रस्ताव पास हो जाएगा, कोई कह रहा है कि गिर जाएगा। यह बहुत छोटी बात है। हम जनता की सेवा में लगे रहेंगे। दोबारा चुनाव हुए तो जनता आप को बहुमत देगी। हम सत्ता के लिए नहीं आए, पैसे के लिए नहीं आए। हमें चिंता नहीं है। दूसरे राजनीतिक दलों में चिंता जरूर है।

12.35 बजेः
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चाई का रास्ता कांटों भरा है। विरोधी दिक्कतें पैदा करेंगे, लेकिन हमें सभी का सामना करना है। जनता की आकांक्षाएं बढ़ चुकी हैं। कभी-कभी तो डर भी लगता हूं। मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि हमें इस लायक बनाना कि हमसे कोई गलती न हो।

12.32 बजेः
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं अपने साथियों से आग्रह करता हूं ‌कि हमें मन में कभी घमंड नहीं करना है। आम आदमी पार्टी का जन्म दूसरे राजनीतिक दलों का घमंड तोड़ने के लिए हुआ है, कहीं ऐसा न हो कि आम आदमी पार्टी का घमंड तोड़ने के लिए किसी दूसरी पार्टी को जन्म लेना पड़े। कार्यकर्ताओं से भी यही आग्रह कि जब वे अपने इलाकों में जाएंगे, तो घमंड नहीं करना है। सेवाभाव रखना है, क्योंकि हमें जनता की सेवा करनी है।

12.30 बजेः
केजरीवाल ने कहा, 'लोगों की शिकायत है कि सरकार के अधिकारी भ्रष्ट हैं। लेकिन मैं अब तक जितने भी अधिकारियों से मिला हूं उनमें कई के मन में देश और समाज के लिए काम करने का जज्बा है। यदि आम लोग और अधिकारी मिलकर काम करें तो मुल्क से भ्रष्टाचार को मिटाया जा सकता है।'
12.25 बजेः
केजरीवाल ने कहा कि लोग निराश हो चुके थे, लेकिन दिल्ली की जनता ने दिखा दिया कि ईमानदारी से चुनाव लड़ा जा सकता है और ईमानदारी से चुनाव जीता जा सकता है। यह जीत कुदरती करिश्मा लगता है। हमें कोई गुमान नहीं है कि सारी दिक्कतों का समाधान नहीं है।
12.20 बजेः
हमारे पास कोई जादू की छड़ी नहीं है। आज सरकार बनेगी और कल सभी समाधान मिल जाएंगे, ऐसा नहीं है। लेकिन यह विश्वास है कि दिल्ली की डेढ़ करोड़ आबादी अगर एक हो गई, तो हर समस्या का हल मिल जाएगा। डेढ़ करोड़ लोग मिलकर सरकार बनाएंगे और वही सरकार चलाएंगे। दोस्तों, हम डेढ़ साल पहले इसी रामलीला मैदान में एकत्र हुए थे।
12.19 बजेः दिल्‍ली के नए सीएम ने कहा कि अन्ना ने 13 दिन अनशन किया। क्या नहीं किया हमने। प्रदर्शन किया, अनशन किया। लेकिन यह साफ हो गया कि जब तक राजनीति नहीं बदलेगी, देश में सुधार नहीं होगा। अन्ना समझाया करते थे कि राजनीति गंदी कीचड़ है और मैं कहा करता था कि राजनी‌ति में उतरकर सफाई करनी होगी।

12.18 बजेः
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री और छह लोगों ने मंत्रियों की शपथ नहीं ली है, बल्कि दिल्ली की जनता, दिल्ली के हर आम आदमी ने मुख्यमंत्री और मंत्री पद की शपथ ली है।
12.17 बजेः
शपथ ग्रहण के बाद अरविंद केजरीवाल बतौर मुख्यमंत्री भाषण दे रहे हैं।

12.15 बजेः
मुख्यमंत्री पद पर अरविंद केजरीवाल की शपथ के बाद मनीष सिसोदिया, सोमनाथ भारती, सतेंद्र जैन, राखी बिरला, गिरीश सोनी और सौरभ भारद्वाज ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
12.05 बजेः
अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। रामलीला मैदान ने हो-हल्ले के साथ इसका स्वागत किया। केजरीवाल दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री बने।

12 बजेः
अरविंद केजरीवाल ने शपथ लेनी शुरू की।
11.55 बजेः
अरविंद केजरीवाल और उनके साथी मंच पर पहुंच गए हैं।
11.38 बजेः
अरविंद केजरीवाल रामलीला मैदान पहुंचे।
11.35 बजेः
अरविंद केजरीवाल खुली जीप नहीं, बल्कि अपनी नीली वैगन-आर कार से रामलीला मैदान के लिए रवाना हो गए हैं।
11.30 बजेः
भारी भीड़ के अलावा रामलीला मैदान में भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन भी पहुंचे हैं। हालांकि, अब तक कांग्रेस का कोई नेता नहीं दिख रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण करने के बाद केजरीवाल जनता को संबोधित करेंगे। हालांकि, आप के नेता संजय सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम उप राज्यपाल का है, ऐसे में भाषण की उम्मीद कम है। केवल शपथ ग्रहण होगा।
11.20 बजेः केजरीवाल और उनके सभी साथी मेट्रो स्टेशन से बाहर निकल रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि यहां से केजरीवाल खुली जीप में रामलीला मैदान तक जाएंगे।
11.15 बजेः
टीम केजरीवाल बाराखंभा मेट्रो स्टेशन पहुंची। यहां से वह गाड़ियों से रामलीला मैदान के लिए रवाना होगी।
11.10 बजेः उधर रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी के हजारों समर्थक झाड़ू लेकर पहुंचे। इस समय रामलीला मैदान में अन्ना आंदोलन जैसा उत्साह दिख रहा है।
11 बजेः अरविंद केजरीवाल मेट्रो में सवार होकर कौशांबी से रवाना हो गए हैं। टीम केजरीवाल बाराखंभा स्टेशन उतरकर वहां से गाड़ियों से रामलीला मैदान के लिए रवाना होगी।
10.50 बजेः
अरविंद केजरीवाल कौशांबी मेट्रो स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर भारी भीड़ है और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं।
10.45 बजेः
रामलीला मैदान में बेतादाद कैमरे देखने को मिल रहे हैं। कल से यहां मीडिया की ओबी वैन खड़ी थी। जनता सवेरे 9 बजे से जुटनी लगी थी। दिल्ली पुलिस का बैंड नए सीएम केजरीवाल के स्वागत के लिए तैयार।
10.40 बजेः शपथ समारोह में कोई वीआईपी नहीं। मुख्यमंत्री, मंत्री, आमंत्रित मेहमानों, विधायकों, सांसदों और अफसरों के लिए साधारण कुर्सियां लगाई गई हैं।
10.35 बजेः घर से निकलते वक्‍त अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह लड़ाई मुझे सीएम बनाने के लिए नहीं, यह आजादी की दूसरी लड़ाई है। देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराना है। अन्ना की शुभकामनाओं पर उन्होंने कहा, "वह हमारे सम्मानीय रहे हैं। उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा।"
arvind kejriwal
10.30 बजेः अन्ना हजारे ने टीम केजरीवाल को बधाई दी। उन्होंने ईमेल के जरिए बताया कि तबीयत ठीक होने की वजह से वह पहुंच नहीं सके। उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल को सीएम बनने के लिए मेरी शुभकामनाएं। अपने साथियों को मेरा आशीर्वाद।"
10.20 बजेः रामलीला मैदान में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। अ‌रविंद केजरीवाल का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे से शुरू होना है।
10.15 बजेः आम आदमी पार्टी के सभी विधायक मेट्रो से रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
10.10 बजेः देश की जनता के सामने पहली बार कोई सरकार मिसाल पेश करेगी। इससे पहले सिर्फ एक दफा साहिब सिंह वर्मा ने छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
10.05 बजेः आप के विधायक मनीष सिसौदिया ने बताया कि सभी विधायक सुबह 11 बजे मेट्रो में सवार होंगे और रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में जाएंगे।
10 बजेः केजरीवाल ने कहा कि रामलीला मैदान में मंच पर सिर्फ 'आप' के 28 विधायक ही मौजूद रहेंगे। बाकी सभी लोग आम जनता के साथ नीचे बैठेंगे। भले ही वे आप के नेता या कार्यकर्ता हों या उनके परिवार से हों।
9.45 बजेः शपथ ग्रहण समारोह के चलते जेएलएन मार्ग, राजघाट, दिल्ली गेट, आसफ अली मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग पर सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक ट्रैफिक जाम रहने के आसार हैं।
9.30 बजेः अफसरों के वाहन चमनलाल मार्ग, आसफ अली रोड और जेएलएन मार्ग के फुटपाथ पर पार्क होंगे। आम लोगों के लिए माता सुंदरी पार्क, पावर हाउस रोड, राजघाट पार्किंग, शांति वन पार्किंग, सर्विस रोड राजघाट और समता स्थल पर पार्किंग बनाई गई है।
9.15 बजेः रामलीला मैदान के आसपास स्थित इमारतों पर शनिवार सुबह से दिल्ली पुलिस के कमांडो तैनात हो गए हैं। आयोजन स्थल पर आधुनिक हथियारों से लैस दिल्ली पुलिस के 2000 जवान तैनात।
9.10 बजेः माना जा रहा है कि केजरीवाल के क्रेज को देखते हुए एक लाख लोग शपथ ग्रहण समारोह को देखने रामलीला मैदान पहुंच सकते हैं। वैसे इस मैदान की क्षमता 50 हजार लोगों की है।

नौकरी: SSC में 20 से 25 हजार रिक्तियां

20-25 thousand Vacancy in ssc

खास-खास

बंपर भर्ती
  • एसएससी में नौकरी का जबरदस्त मौका
  • 2014 में निकलेंगी 20 से 25 हजार रिक्तियां
  • 16 जनवरी को होगा नोटिफिकेशन, तैयारी शुरू
नया साल युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आ रहा है। ग्रेजुएट के पास नौकरी का मौका होगा। कर्मचारी चयन आयोग का नए साल के लिए प्लान तैयार है।
16 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। 20 से 25 हजार रिक्तियां निकलेंगी। आयोग का लक्ष्य एक साल के अंदर ही इन्हें भरने का है। छात्र और
कोचिंग इंस्टीट्यूट ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। साधारण ग्रेजुएट के अलावा बीबीए, बीसीए और इंजीनियरिंग के छात्र भी एग्जाम की तैयारी में लग गए हैं।
हर साल एसएससी लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर नियुक्ति करता है। एसएससी ने 2014 में होनी वाली संयुक्त स्नातक परीक्षा का प्लान जारी कर
दिया है। लिखित परीक्षा दो चरण में होगी। प्री एग्जाम (टीयर वन) 27 अप्रैल और मेन एग्जाम टीयर टू 30 अगस्त को होगा। 2013 की तुलना में करीब पांच
हजार ज्यादा नियुक्ति निकाली जाएंगी। कोचिंग इंस्टीट्यूट और छात्रों ने तैयारी शुरू कर दी है। फॉर्म भरने के लिए योग्यता ग्रेजुएट है। फाइनल ईयर के छात्र भी परीक्षा दे सकते हैं।
ऐसा होगा पेपर
टीयर वन पेपर 200 नंबर का होगा। 120 मिनट में सवाल हल करने होंगे। 50 सवाल क्वांटेटिव एबिलिटी, 50 सवाल जनरल अवेयरनेस, 50 सवाल जनरल
इंटेलीजेंस एंड रीजनिंग और 50 सवाल इंग्लिश कांप्रीहेंसिव से पूछे जाएंगे। सभी सवाल ऑब्जेक्टिव होंगे। टीयर टू में पहला पेपर क्वांटेटिव एबिलिटी का होगा।
100 सवाल 200 नंबर के होंगे। दूसरा पेपर इंग्लिश कांप्रीहेंसिव का होगा। 200 नंबर के 200 सवाल पूछे जाएंगे। इंटरव्यू और लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर चयन होगा।
ये होगा प्रोफाइल
एसएससी में चयन होने के बाद दो तरह की जॉब होती है। डेस्क जॉब और फील्ड जॉब। डेस्क जॉब में ऑडिटर, एकाउंटेंट, क्लर्क, केंद्रीय सचिवालय, विदेश मंत्रालय, इंटेलीजेंस ब्यूरो और रेलवे आदि में तैनाती मिलती है।
फील्ड जॉब में एईओ, इनकम टैक्स ऑफिसर, एग्जामनर, प्रीवेंटिव ऑफिसर, एक्सरसाइज इंस्पेक्टर, पोस्टल इंस्पेक्टर और नारकोटिक्स इंस्पेक्टर आदि शामिल हैं।￿ ￿
कोचिंग हो गई शुरू
एसएससी को कैश करने की तैयारी शुरू हो गई है। छात्रों ने कोचिंग शुरू कर दी है। एसएससी के महत्व को देखते हुए कॅरियर लांचर ने एक साथ 150 शहरों
में एसएससी की क्लास शुरू की है। मेरठ ब्रांच के हेड विक्रांत जावला का कहना है ग्रेजुएट के अलावा बीबीए, बीसीए और बीटेक पासआउट भी कोचिंग ले रहे हैं।
एसएससी में आवेदन
वर्ष..................आवेदन2012...............9.7 लाख
2013...............12 लाख2014...............15 लाख अनुमान

हैवानियत, हत्या कर ट्रैक पर फेंक गए नरमुंड

murder in jaipur
राजस्थान के जयपुर शहर में हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
यहां सिविल लाइंस के पास अजमेर पुलिया के नीचे पुलिस को एक युवक का नरमुंड मिला है। घटना की जानकारी पर राजकीय रेलवे पुलिस शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची, लेकिन युवक की शिनाख्त का सुराग नहीं जुटा सकी। सभी जिलों में गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाने का संदेश भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार नरमुंड 18 से 20 वर्ष के युवक का है। नरमुंड के पास प्लास्टिक का कट्टा मिला है।
कट्टे के अंदर खून के धब्बे हैं, जिससे साफ है कि हत्या करने के बाद उसी कट्टे में नरमुंड ट्रैक तक लाया गया।
राजकीय रेलवे पुलिस के उप अधीक्षक सुबोध शर्मा ने बताया कि नरमुंड अजमेर पुलिया के पास रेलवे स्टेशन की ओर मिला। ट्रैक के पास जहां नरमुंड मिला, वहां रेलवे की दीवार भी टूटी है।
यह भी आशंका है कि कट्टा चलती ट्रेन से फेंका गया हो। नरमुंड मिलने के बाद रेलवे ट्रैक के सहारे दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर तक खोजबीन की, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि धड़ मिलने के बाद ही युवक की शिनाख्त हो सकेगी और हत्यारों का सुराग लगेगा।

छेड़छाड़ के आरोपी राजनयिक ने देश छोड़ा

molestation and threaten alligation on diplomate
महिला मैनेजर के साथ छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में फंसे बहरीन के राजनयिक देश छोड़कर चले गए हैं।
बहरीन के कौंसल जनरल मोहम्मद अब्दुल अजीज अल खाजा के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया था।
खाजा जिस हाउसिंग सोसायटी में रहते थे, उसकी महिला मैनेजर ने अपनी नई शिकायत में उन पर उसे जान से मारने की धमकी देने और गाली गलौज करने का आरोप लगाया। इससे पहले इस माह की शुरुआत में पीड़िता ने राजनयिक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस कृष्णा प्रकाश ने बताया कि महिला मैनेजर के साथ छेड़छाड़ और धमकाने के आरोपी बहरीन के राजनयिक खाजा शनिवार को देश छोड़कर चले गए। राजनयिक छूट हासिल होने के चलते पुलिस ने खाजा को गिरफ्तार नहीं किया था।
उन्होंने बताया कि खाजा के खिलाफ दक्षिण मुंबई में नेपियन सी रोड पर स्थित हाउसिंग सोसायटी की महिला मैनेजर ने एक नई शिकायत दर्ज कराई थी। खाजा हाउसिंग सोसायटी की इमारत की चौथी मंजिल पर रहते थे।
महिला मैनेजर ने इस महीने की शुरुआत में खाजा के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। दर्ज कराई गई दूसरी शिकायत के अनुसार, बहरीन के राजनयिक बृहस्पतिवार को सोसायटी ऑफिस आए, जहां वह सोसायटी के चेयरमैन के साथ बात कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने मैनेजर की ओर अंगुली दिखाते हुए गाली गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। 49 वर्षीय पीड़िता मैनेजर ने अपनी पहली शिकायत में कहा था कि 9 दिसंबर को मरम्मत के लिए इमारत के एक एलीवेटर के बंद होने से खाजा अपना आपा खो बैठे थे।
उसको देखते ही खाजा ने एलीवेटर का दरवाजा काफी जोर से बंद किया। इस पर उसने खाजा से शांत रहने को कहा लेकिन राजनयिक नहीं रुके और ऑफिस में तोड़फोड़ करने लगे।
मैनेजर ने आरोप लगाया कि इस दौरान खाजा ने उसे छुआ और गंदी गालियां दीं। इसके उसने इसकी शिकायत मालाबार हिल पुलिस से की, जिसने प्रारंभिक जांच के बाद शिकायत दर्ज की।

ट्रेन में लगी भीषण आग, 23 की मौत

fire in nanded express
बंगलूरू से नांदेड़ जा रही ट्रेन नांदेड़ एक्सप्रेस की एसी बोगी में भीषण आग लगने से कम से कम 23 लोगों की झुलसकर मौत हो गई। इस हादसे में आठ यात्री गंभीर रूप से झुलस गए।
दुर्घटना शनिवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के अनंतपुरम के पास पुट्टापर्थी और धर्मावरम के बीच हुई। एक्सप्रेस की सेकेंड एसी बोगी ‍बी-1 में सबसे पहले आग भड़की। जलकर खाक हुई इस बोगी में 72 यात्री सवार थे।
रिपोर्टों के मुताबिक, बोगी में आग लगी देख कुछ लोग ट्रेन से कूद गए।
बीबीसी के अनुसार, दक्षिण पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता सीएस गुप्ता ने हादसे में कम से कम 23 लोगों के मरने की पुष्टि की है जिनमें दो बच्चे शामिल हैं। घायलों को पुट्टापर्थी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रवक्ता का कहना है कि आग बहुत तेजी से फैली और इसके सही कारणों का पता नहीं चला है। उनका कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और राहत कार्य जारी है। अंधेरा, कुहरा और धुएं की वजह से राहत कार्य में बाधाएं आ रही हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस दुर्घटना पर शोक जताया है।

मशहूर अभिनेता फारुख शेख का निधन

farooq sheikh died
दुबई में दिल का दौरा पड़ने से बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता फारुख शेख का निधन हो गया। वह 65 साल के थे।
दुबई में दिल का दौरा पड़ने के बाद फारुख को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन, उनको बचाया नहीं जा सका।
फारुख ने बॉलीवुड को कई बेहतरीन फिल्में दीं। उन्होंने बाजार, उमराव जान, कथा, गरम हवा और चश्मेबद्दूर जैसी फिल्मों में काम करके अपने बेमिसाल अभिनय की छाप छोड़ी।
फ़ारूक़ शेख गायिका आशा भोसले के कॉन्सर्ट के सिलसिले में परिवार के साथ दुबई गए थे। उन्हें समानांतर सिनेमा के दौर का अहम अभिनेता माना जाता है।
फ़ारूक़ शेख के निधन पर अभिनेता अमिताभ बच्चन भी दुखी हैं. उन्होंने फ़ेसबुक पर अपने शोक संदेश में कहा है, "अभी फ़ारूक़ शेख के निधन की ख़बर मिली।
यक़ीन नहीं हो रहा है कि वे चले गए हैं. वे एक अद्भुत साथी थे, उनमें कोई दिखावा नहीं था. उनके काम और उनके आचरण में ख़ास ईमानदारी थी जो मुश्किल से ही किसी में मिलती है.।