Tuesday, December 24, 2013

अरविंद केजरीवाल के ये रहे छह मंत्री

Arvind Kejriwal's AAP picks its ministers
आम आदमी पार्टी ने अपने कैबिनेट में मंत्रियों की घोषणा कर दी है। केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार में मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, राखी बिड़ला, गिरीश सोनी, सोमनाथ भारती और सत्येंद्र जैन मंत्री होंगे।
6 म‌ंत्रियों वाली इस सरकार में 26 साल की युवा राखी बिड़ला को मं‌त्री पद दिया गया है। राखी ने दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके राजकुमार चौहान को हराया था। इसके अलावा केजरीवाल के खास मनीष सिसोदिया को भी इस कैबिनेट में जगह दी गई है।
ग्रेटर कैलाश से चुनाव जीतकर आए सौरभ भारद्वाज भी इस मंत्रिमंडल का हिस्सा होंगे। सौरभ एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे और वहां से इस्तीफा देकर उन्होंने चुनाव लड़ा था।

टीम केजरीवाल ने मारा पहला बाउंसर

team kejriwal raise finger againest electricity firm
सरकार बनाने की घोषणा के साथ टीम केजरीवाल ने बिजली कंपनियों पर नकेल कसने की कोशिश शुरू कर दी है।
पहली नजर रोहिणी पावर प्लांट पर है। पार्टी का आरोप है कि बगैर उत्पादन के बिजली कंपनी करोड़ों रुपये की बिजली खरीद रही है। यही नहीं, कंपनियों के बहीखाते की भी टीम केजरीवाल बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बताया कि रोहिणी पावर प्लांट में 2010 से बिजली का उत्पादन नहीं हुआ है। लेकिन पिछले दो वित्तीय वर्षों में बिजली कंपनी ने इस प्लांट से 300 करोड़ रुपये की बिजली खरीदी है। उन्होंने बताया कि कंपनियों ने अपने बहीखातों में इसी तरह की कई गड़बड़ियां दर्ज की हैं।
मसलन, उपभोक्ताओं के बिल व बहीखातों में दर्ज उसके भुगतान में फर्क है। फायदा होने के बावजूद बिजली बेचने के नाम पर कंपनियां घाटा दिखाती हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह जल बोर्ड में पाइप लाइन बिछाने, टैंकर भेजने व पानी बेचने पर भी बड़ा घपला हुआ है।
संजय सिंह ने बताया कि बिजली कंपनियों में बड़े स्तर पर घपलेबाजी की शिकायतें मिल रही हैं। सरकार बनते ही कंपनियों का विशेष ऑडिट कराया जाएगा। इससे सारे घपले उजागर होंगे। उन्होंने दावे के साथ कहा कि आप की सरकार बिजली पर किए गए अपने वादे को पूरा करेगी।
उधर, टीपीडीडीएल के प्रवक्ता अजय महराज का कहना है कि गैस की आपूर्ति बंद होने से अप्रैल 2013 से प्लांट बंद है। इसके पहले यहां से नियमित तौर पर 25-70 मेगावाट के बीच बिजली उत्पादन होता रहा है, इसकी सारी जानकारी डीईआरसी को दी गई है।

AAP को समर्थन से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा

congress workers angry to support aap
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सरकार बनाने की घोषणा के साथ ही सियासी हलचलें भी तेज हो गई हैं।
कांग्रेस के आम आदमी पार्टी को समर्थन देने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया है।
तस्वीरों में देखिए:- 'आम आदमी' अब बनेगा मुख्यमंत्री
निजी समाचार चैनलों के मुताबिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर जमकर हंगामा किया है। नाराज कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर तोड़फोड़ भी की।
इससे पहले सोमवार सुबह आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के 28 विधायक सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के विधायकों से बाहर से समर्थन लेंगे।

मध्यप्रदेश: पूर्व मंत्री ने किया सरेंडर

ex minister of madhya pradesh surrender
भाजपा नेत्री उमा भारती के डीजी पुलिस से मिलने के बाद मध्य प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती में धांधली मामले में आरोपी बनाए गए पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) के सामने पेश होकर अपना बयान दाखिल कर दिया है।
उनके करीबी समझे जाने वाले सुधीर शर्मा ने भी एसटीएफ के सामने पेश होकर बयान दिए हैं। पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है लेकिन जानकारों की मानें तो वे अभी गिरफ्तारी के खतरे से पूरी तरह बाहर नहीं है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि वह प्रवास पर थे और उन्हें समाचार पत्रों से ही यह जानकारी मिली कि उनके विरुद्ध दो एफआईआर की गई हैं। इसलिए वह प्रस्तुत हुए और अपना पक्ष रखा है।
शर्मा ने दावा किया कि चुनाव में व्यस्तता के कारण वह नहीं आए थे। उन्होंने दावा किया कि वे निष्कलंक हैं और आगे चलकर जांच में यह सिद्ध हो जाएगा।
शर्मा ने कहा कि उन्होंने एसटीएफ को विश्वास दिलाया है कि उन्हें जब भी पूछताछ करनी हो, तब वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उपस्थित हो जाएंगे।
सीजेएम की अदालत में पेश किए गए पूर्व नियंत्रक पंकज त्रिवेदी और कंप्यूटर इंजीनियर नितिन महिंद्रा के रिमांड की अवधि अब 30 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। एसटीएफ अब उनसे 30 दिसंबर तक पूछताछ करेगी।
युवक कांग्रेस के अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने प्रेस कांफ्रेंस लेकर आरोप लगाया है कि परीक्षाओं में इस हेराफेरी के जरिए करीब 70 लाख से भी ज्यादा छात्रों के साथ धोखा किया गया है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने व्यापमं में हुई धांधली के बाद परीक्षा के ढांचे में बदलाव और इसे ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करने के बाद उसकी बैठक ली है। उच्चस्तरीय कमेटी में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी देवराज बिरदी को अध्यक्ष बनाया गया है।
राज्य सरकार ने फैसला किया है कि गैरकानूनी तरीके से जो लोग प्रवेश पा गए थे और पद भर दिए गए थे, अब उन रिक्त पदों पर वेटिंग लिस्ट से भर्तियां नहीं की जाएंगी।

मुलायम बोले, गुंडई करने वाले होंगे सपा से बाहर

mulayam singh yadav acts tough for party workers
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने साफ चेतावनी दी है कि गुंडई करने वालों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है।
जो भी नेता अथवा उसके परिवार का सदस्य गुंडागर्दी करेगा, पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी, और वह फिर भी नहीं माना, तो पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।
मुलायम सिंह यादव सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर चौधरी चरणसिंह की जयंती पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ताओं ने उनका ध्यान अखिलेश सरकार के मंत्री पारसनाथ यादव और उनके परिवार द्वारा धमकाए जाने की तरफ आकर्षित किया?
उन्होंने कहा, मीडिया वाले कभी गलत खबर नहीं छापते। नेताओं ने क्या समझ लिया...गुंडागर्दी करेंगे?
पार्टी और सरकार की इमेज बिगाड़ेंगे? मैं साफ कह देना चाहता हूं, सार्वजनिक जीवन में पार्टी के नेताओं का आचरण साफ-सुथरा होना चाहिए।
नेता या उसकेपरिवार केकिसी भी सदस्य ने गुंडई की, तो वह पार्टी में नहीं रहेगा।

गोली मार कर लूटी लाखों की चांदी

goons shoot business man and looted silver
लहरतारा स्थित रेलवे कैंसर अस्पताल के सामने की गली में सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने सराफा व्यवसायी शक्ति शुक्ला (35) को गोली मारकर 15 किलो से अधिक चांदी के आभूषण से भरे दो बैग लूट लिए।
गली में काम कर रहे मजदूरों ने लुटेरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश उन्हें असलहा दिखाते हुए लहरतारा की तरफ भाग निकले। दिन में 11 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए शहर में वाहन चेकिंग की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घायल व्यवसायी को मलदहिया स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है।
जवाहर नगर कालोनी निवासी पवन शुक्ला, शक्ति शुक्ला और अंजनी शुक्ला ठठेरी बाजार में चांदी का कारोबार करते हैं। तीनों भाई हैं। सोमवार की सुबह व्यवसायी बंधुओं का कर्मचारी जगमोहन आगरा से चांदी लेकर मरुधर एक्सप्रेस से मालगोदाम रोड के सामने उतरा। कर्मचारी से चांदी लेने के लिए तीनों भाई दो स्कूटी से मालगोदाम रोड के सामने पहुंचे। एक स्कूटी पर कर्मचारी के साथ अंजनी और दूसरी पर पवन के साथ शक्ति शुक्ला बैठे थे।
आभूषण से भरा एक बैग कर्मचारी के पास था और दूसरा शक्ति शुक्ला के पास। स्टेडियम कालोनी की गली में पहुंचने पर अचानक पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने कर्मचारी के हाथ से चांदी से भरा बैग छीन लिया। इस बीच पवन और शक्ति गली के मोड़ पर पहुंचे कि तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी स्कूटी को घेर लिया।
बदमाशों ने शक्ति से बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन उसने विरोध किया। इस पर एक बदमाश ने पहले शक्ति के पैर की तरफ गोली चलाई। गोली न लगने उसने दूसरी गोली सीधे शक्ति के सीने पर चला दी। गोली व्यवसायी की छाती में बाईं तरफ लगी। भाई के घायल होने पर पवन उसे संभालने में जुट गया। इस बीच बदमाश आभूषणों से भरा बैग लेकर लहरतारा की तरफ भाग निकले।
चर्चा थी कि दोनों बैग में 35 किलो चांदी थी, जबकि व्यवसायी बंधुओं ने 15 किलो चांदी होने की बात बताई है। घायल शक्ति को उसके भाइयों ने मलदहिया स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। लुटेरों को पकड़ने के लिए एसपी सिटी राहुल राज ने तत्काल शहर में वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया। एडीजी जीएल मीणा ने अस्पताल पहुंचकर घायल शक्ति शुक्ला का हाल जाना और लुटेरों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में सराफा व्यवसायी भी अस्पताल पहुंचे थे।

'कत्ल के बाद मेरा पति, बेटी का खून पी रहा था'

murder in bihar
बिहार के अररिया से एक ऐसी घटना सामने आई है कि कई लोगों को शायद यकीन न हो कि एक पिता ऐसा काम कर सकता है।
नरपतजंग में रहनेवाले एक व्यक्ति को शक था कि उसकी पत्नी के संबंध किसी और व्यक्ति के साथ हैं और उसकी बेटी एक नाजायज औलाद है।
इसी शक के चलते पति ने अपनी 6 साल की बच्ची की निर्मम हत्या कर दी। न केवल हत्या बल्कि दरिंदा बन चुका पिता अपनी बेटी को मारकर उसका खून भी पी गया।
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने आरोपी पिता को रस्सियों से बांधा और गिरफ्तार कर लिया।


नरपतगंज के एसएचओ केके झा के मुताबिक हत्या के वक्त छह साल की बच्ची अपने मां-बाप के साथ सो रही थी।
वहीं आरोपी की पत्नी ने बताया कि रात को ही उसके पिता ने उसे तेजधार हथियार से मार डाला और जब देखा तो वह बच्ची का खून पी रहा था।
आरोपी के मुताबिक, 'मेरी पत्नी के दूसरे मर्द के साथ नाजायज संबंध थे। ये बेटी भी उसी से पैदा हुई है। इसलिए उसका गला का‍ट दिया।'