Sunday, March 23, 2014

भाई के नमो प्रेम से नाराज चिरंजीवी का मोदी पर हमला

Chiranjeevi angry with his brother because of modi's  meeting
छोटे भाई और तेलुगू फिल्मों के अभिनेता पवन कल्याण के नमो प्रेम से नाराज केंद्रीय पर्यटन मंत्री चिरंजीवी ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है।

साथ ही भाई की मुखालफत करते हुए कहा कि उसे पता नहीं था कि मोदी के दामन पर लगा गुजरात दंगे का दाग भी साफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हालांकि भाजपा के अन्य नेताओं ने मुसलमानों से माफी मांग ली है, लेकिन मोदी ने ऐसा नहीं किया है।

चिरंजीवी ने कहा कि मोदी गुजरात दंगे के आरोप से मुक्त नहीं हुए हैं। लिहाजा, ऐसे शख्स से भाई को मुलाकात नहीं करनी चाहिए थी। लेकिन लगता है कि यह बात पवन को मालूम नहीं थी। अभिनेता कल्याण ने शुक्रवार को अहमदाबाद में मोदी से मुलाकात की थी।

बेटी को नहीं मिला टिकट तो पूर्व सीएम ने छोड़ी कांग्रेस पार्टी

Former Goa CM Churchill Alemao quits Congress to fight as an Independent in Goa
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम पार्टी द्वारा उनकी बेटी वालांका को टिकट नहीं दिए जाने के बाद उठाया।

अलेमाओ अब दक्षिण गोवा लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने इस्तीफा देने से पहले प्रदेश पार्टी प्रमुख जॉन फर्नांडीस से करीब 10 मिनट तक मुलाकात की थी।

फर्नांडीस ने पूर्व सीएम को बताया कि टिकट देने का निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति के 20 सदस्यों ने लिया है और पार्टी नेता होने के नाते इसे स्वीकार करना ही होगा। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि अलेमाओ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

उनके जाने से दक्षिण गोवा लोकसभा सीट से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पूर्व सीएम अपनी बेटी वालांका को दक्षिण गोवा से टिकट दिलाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे थे।


महाराष्ट्र: छह किसानों ने की आत्महत्या

maharashtra farmer suicide increasing
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में हाल ही में भारी वर्षा और ओले गिरने से बर्बाद हुई फसल के कारण किसानों की आत्महत्या का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पिछले दो दिनों में और छह किसानों ने आत्महत्या की है।

सूत्रों के अनुसार पिछले 24 फरवरी से 22 मार्च तक 20 किसानों ने आत्महत्या की है। भारी ऋण के बोझ और फसल के बर्बाद होने के कारण नांदेड जिला में चार किसानों ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने वालों में 52 वर्षीय कामा जी अंबेराव, 45 वर्षीय नंदू राठौड़, 35 वर्षीय ओमकार जुगनके और 50 वर्षीय कुंडालिक मंतालवाड शामिल हैं।

लातूर और उस्मानाबाद में 55 वर्षीय शिवाजी तंडाले व 55 वर्षीय सोजराबाई पाटिल ने आत्महत्या की। सरकार ने किसानों के लिए आर्थिक पैकेज जारी किया है, जिसमें 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर गैर सिंचित खेती के लिए, 15 हजार रुपये सिंचित खेती के लिए और 25 हजार रुपये बागवानी के लिए दिए जाएंगे।

'कांग्रेस ने राज्यसभा सदस्य बनाने का लालच दिया'

congress tempted me to make rs member said satpal
भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद सतपाल महाराज ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा की सदस्यता और बडे़ विभाग देने का लालच दिया था।

उन्होंने मीडिया से कहा, 'मैं इस पर कांग्रेस का आभार व्यक्त करता हूं और राज्यसभा की सदस्यता किसी कांग्रेस कार्यकर्ता को देने की सलाह देता हूं। चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी में कई प्रतिबद्ध कांग्रेस कार्यकर्ता हैं। जो इसके हकदार हैं।'

इन अटकलों पर कि उत्तराखंड में हरीश रावत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं उनकी पत्नी अमृता रावत और उनके कुछ सहयोगी विधायक अभी या बाद में उनके पीछे आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी सशक्त महिला हैं और अपने फैसले स्वयं लेने के लिए स्वतंत्र हैं। यही बात अन्य विधायकों के लिए भी सही है।

उन्होंने कहा, 'उत्तराखंड सरकार को गिराने में हमारी कोई दिलचस्पी नहीं है। इस समय हमारा मिशन उत्तराखंड में सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करना और केंद्र में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

Saturday, March 22, 2014

शिवसेना के उम्मीदवार को तीन साल की कैद

shiv sena contestants imprisoned for three years
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की विशेष अदालत ने शिव सेना के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के पूर्व सामाजिक कल्याण मंत्री बबनराव घोलप और उनकी पत्नी को तीन साल कैद की सजा सुनाई है।

उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में यह सजा सुनाई गई है। अदालत ने उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

घोलप नासिक विधानसभा क्षेत्र की एक सीट से विधायक हैं। वह 1995 में भाजपा शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार में सामाजिक कल्याण मंत्री थे। लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों की वजह से उन्होंने 1999 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

शिवसेना ने इस बार उन्हें शिरडी लोक सभा से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन अदालत की ओर से दोषी करार देने के बाद घोलप अब कानूनी तौर पर चुनाव लड़ने के अयोग्य हो गए हैं।

एंटी करप्शन ब्यूरो की अदालत के जज ए वी दौलताबादकर ने घोलप और उनकी पत्नी शशि कला को आय के ज्ञात स्रोतों से काफी अधिक धन इकट्ठा करने का दोषी ठहराया है। इस आरोप में उन्हें तीन साल कैद की सजा सुनाई गई है। हालांकि उन्हें बाद में जमानत दे दी गई।

ऐसा टूल, जिसने उड़ा दिए कांग्रेस के होश!

State congress starts social media campaign
भाजपा और आम आदमी पार्टी से सबक लेकर कांग्रेस ने युवा मतदाताओं का लिंक सोशल मीडिया से ढूंढना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस ने ट्विटर और फेसबुक जैसी वेबसाइट पर कैंपेन चलाने का फैसला किया है।

इसके लिए कांग्रेस व यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रीय कांग्रेस की टीम भी मदद करेगी। यूथ कांग्रेस की बैठक बुलाकर उन्हें वाट्स एप व अन्य नेटवर्किंग साइटों से जुड़कर कांग्रेस का एजेंडा तय करने को कहा गया है।

पढ़ें: पांच साल में 350% बढ़ गई सिब्बल की संपत्ति

इसकी जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हरिशंकर गुप्ता समेत प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक व महासचिव राधिका खेड़ा सोशल मीडिया को सौंपी गई है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस दफ्तर की पांचवीं मंजिल पर सेटअप तैयार किया जा रहा है।

अहम है कि दिल्ली, भाजपा के फेसबुक पेज पर 4.5 लाख लोग जुड़े हैं जबकि कांग्रेस केपेज पर दो हजार लोग ही जुड़े हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन के नौ हजार फॉलोअर्स हैं तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह के फॉलोअर्स की तादाद छह सौ से भी कम है। जबकि आप के फेसबुक पेज पर 17 लाख फॉलोअर्स हैं।

उमा बोलीं, भोपाल से नहीं मांगा टिकट

uma bharti never demanded ticket from bhopal
उमा भारती के झांसी की जगह भोपाल से टिकट मांगने की खबरें मीडिया में आईं लेकिन भाजपा की फायर ब्रांड नेता ने इनका खंडन किया है।

झांसी-ललितपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी उमा भारती ने भोपाल से टिकट मांगे जाने की खबरों को बेबुनियाद और आधारहीन बताया है।

मीडिया में भारती द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह को चिट्ठी लिखकर भोपाल से टिकट मांगने से संबंधित खबर आने पर स्थानीय कार्यकर्ता विचलित हो उठे।

नागपुर में मौजूद उमा भारती को जब यह खबर लगी तो उन्होंने तत्काल फैक्स भेजकर सफाई दी। फैक्स में उन्होंने समाचार को बेबुनियाद व आधारहीन बताते हुए कहा कि उन्होंने भोपाल से टिकट मांगने के संबंध में कोई चिट्ठी राजनाथ सिंह को नहीं लिखी।

वह बीस मार्च को नागपुर में रानी अवंतीबाई बलिदान दिवस पर नितिन गडकरी एवं प्रहलाद पटेल के साथ एक जनसभा में भाग लेने आई थीं।

21 मार्च को झांसी लोकसभा सीट पर कुछ कार्यक्रमों में हिस्सेदारी करनी थी। उनका बायां पैर 1996 की दुर्घटना के बाद से कमजोर है। करीब एक हफ्ते पहले पुन: उसी पैर में चोट लग गई। इस कारण तकलीफ बढ़ गई। इस कारण सभी कार्यक्रम स्थगित करने पड़े

चिकित्सकों के परामर्श के बाद वह अब आगे की यात्रा करेंगी। फैक्स आने के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया।