Thursday, February 27, 2014

बहन के प्रेमी को उतारा मौत के घाट

murder in madhya pradesh
कहते हैं कि इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपते, ऐसा ही हुआ इंदौर के एक मामले में जहां नाबालिग बहन के इश्क की खबर भाई को लगी तो उसने बहन के प्रेमी का कत्ल कर दिया।

लड़का और लड़की पड़ोसी थे, सात जनवरी को प्यार के पंछी जमाने की बंदिशों को तोड़ कर उड़ गए थे, लेकिन अगले ही दिन पुलिस ने उनको शिकंजे में ले लिया था।

लड़की नाबालिग थी तो लड़के पर 376 का मामला दर्ज हुआ और उसे जेल भेज दिया गया। 15 दिन पहले लड़का जेल से छूट कर वापस आया था और उसी दिन से लड़की के भाई की नज़रें उस पर थीं।

लड़की के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रची एक साजिश, लड़के को फुसला कर घर से बुलाया गया और रेत दिया गया उसका गला।

एएसपी विनय पाल ने बताया कि मृतक समीर को जीवन और उसने दो दोस्त बुलाकर ले गए थे और गंगानगर के पास उसकी हत्या कर दी। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।"

नीतीश के कुनबे में बवाल, पांच सांसद बाहर

JDU expels Shivanand and four other MPs
जेडीयू ने पांच बागी सांसदों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। माना जा रहा है कि ये लोग अब बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।

राज्यसभा सांसद शिवानंद तिवारी समेत जयनारायण निषाद, पूरणमासी राम, मंगनी लाल मंडल औऱ सुशील कुमार सिंह को भी जेडीयू ने पार्टी से निष्कासित कर दिया।

गौरतलब है कि शिवानंद तिवारी ने सीएम नीतीश कुमार को तानाशाह और अहंकार से भरा बताया था।

पिछले काफी दिनों से तिवारी जिस तरह से मोदी के पक्ष में बोल रहे थे और अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रहे थे उससे माना जा रहा है कि वो बीजेपी के पाले में बैठ सकते हैं।

आपको बता दें कि पार्टी ने तिवारी से लोकसभा लड़ने के लिए कहा था जिससे उन्होंने इंकार कर दिया था।

इससे पहले आरजेडी के भी 13 विधायकों ने पार्टी छोड़ दी थी जिसमें से लालू 9 विधायकों को पार्टी में वापस लाने में सफल रहे थे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार में और भी कई बड़ी राजनीतिक उथल पुथल देखने को मिल सकती है।

वारंट तामील कराने सहारा श्री के घर पहुंची पुलिस

police reached at sahara shri's residence
अभी-अभी खबर मिल रही है कि पुलिस लखनऊ स्थित सुब्रत राय सहारा के घर पहुंच गई है। पुलिस यहां एनबीडब्‍ल्यू वारंट को तामील कराने आई है।

यह भी खबर मिल रही है कि सुब्रत राय ने सु्प्रीम कोर्ट को चार मार्च को कोर्ट में पेश होने का वादा दिया है। हालांकि अब तक की सूचना के मुताबिक सुब्रत राय सहारा सिटी में नहीं हैं।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को अवमानना के एक मामले में सहारा प्रमुख सुब्रत राय की याचिका खारिज कर दी और उन्हें व्यक्तिगत पेशी से छूट देने से इनकार कर दिया था।

न्यायमूर्ति केएस राधाकृष्णन और न्यायमूर्ति जेएस केहर ने न्यायालय के आदेश की अवहेलना करके निवेशकों के 20 हजार करोड़ रुपये नहीं लौटाने को लेकर सहारा प्रमुख को आड़े हाथों लिया है।





...तो और बढ़ेंगी शीला दीक्षित की मुश्किलें

delhi government will not fight for sheila dixit
चुनावों में सरकारी धन का दुरुपयोग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का मुकदमा दिल्ली सरकार नहीं लडे़गी।

हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार (आप सरकार) के उस आवेदन को स्वीकार कर लिया, जिसमें निचली अदालत के फैसले के खिलाफ दायर अपील को वापस लेने की इजाजत देने का आग्रह किया गया था।

निचली अदालत ने शीला के खिलाफ अमानत में खयानत व भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।

न्यायमूर्ति सुनील गौड़ ने फिलहाल शीला दीक्षित को कुछ राहत प्रदान करते हुए उन्हें मामले में पक्ष बनाते हुए अपना पक्ष स्वयं रखने की इजाजत प्रदान कर दी। अदालत ने अब मामले की सुनवाई 19 मार्च तय की है।

इससे पूर्व शिकातयकर्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के अधिवक्ता ने तर्क रखा कि दिल्ली सरकार को तय नियमों के तहत अपनी अपील वापस लेने की इजाजत दी जानी चाहिए। वहीं शीला दीक्षित के उस आवेदन को खारिज किया जाए जिसमें स्वयं को सुनने का तर्क रखा है।

उन्होंने कहा यदि शीला को निचली अदालत के फैसले पर आपत्ति है तो उन्हें नए सिरे से याचिका दायर करनी चाहिए। शीला के अधिवक्ता ने आपत्ति जताते हुए कहा जब सरकार अपनी अपील वापस ले रही है तो उनकी मुवक्किल को अपना पक्ष रखने की इजाजत मिलनी चाहिए।

डोंड‌ियाखेड़ा की जगह शामली से न‌िकला सोना-चांदी!

Gold coin recover from shamli
मोहल्ला कानूनगोयान में मंगलवार को हवेली में खुदाई के दौरान निकले सोने और चांदी के सिक्के के बंटवारे को लेकर श्रमिकों और मकान मालिक में रातभर रस्साकशी चलती रही।

बुधवार की सुबह भी मकान से सिक्के निकलने का शोर पूरे क्षेत्र में मचा रहा। मकान मालिकों ने मजदूरों को हटाकर खुद खुदाई शुरू कर दी है। नगर में मोहल्ला कानूनगोयान में एक व्यक्ति ने कुछ दिन पहले हवेली खरीदी थी।

हवेली खरीदने के बाद उसके खस्ताहाल हिस्से को गिराने के लिए कुछ मजदूर उसने लगाए थे। मंगलवार को शोर मचा था कि इस हवेली में खुदाई के दौरान हवेली से चांदी के सिक्के निकले हैं। पूरे कस्बे में इस बात का शोर मचा रहा।

ऐसी चर्चा थी कि वहां काम कर रहे मजदूरों के हाथ कुछ सिक्के लगे। इसे लेकर आपस में उनकी मकान मालिकों से कहासुनी भी हुई। चर्चा है कि हवेली में निकले सिक्के सालों पुराने हैं।

बुधवार को भी हवेली में सिक्के निकलने का शोर मचा रहा। हालांकि इसकी कोई अधिकृत पुष्टि नहीं हो रही। मकान मालिक सिक्के निकलने की बात से इंकार कर रहा है।

हवेली से मलबा हटाने के कार्य के दौरान यहां पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा।� बाद में मकान मालिक ने मकान पर खुदाई कर रहे श्रमिकों को हटाकर खुद अपने पुत्र के साथ मकान की खुदाई के कार्य में लग गया है।

शराब पीने से रोका तो पिता को आग लगाई

Son Burned his father in up
शराब पीने पर पिता ने बेटे को डांट दिया तो आक्रोशित बेटे ने पिता पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। जिससे पिता झुलस गया। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। हालांकि पिता ने बेटे द्वारा जलाने की कोशिश से इनकार किया है।

असमोली के कुतुबपुर सत्ता गांव के 50 वर्षीय व्यक्ति को झुलसी अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। गांव में चर्चा है कि उसका बेटा शराब पीकर घर आया तो पिता ने उसे फटकार लगाई।

जिससे आक्रोशित होकर बेटे ने केरोसिन अपने पिता पर फेंक दिया और फिर आग भी लगा दी, हालांकि परिजनों ने शीघ्रता से बचा लिया, जिससे उसका पैर झुलस गया। उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में पिता ने बताया कि बीड़ी गिरने से उसका पैर झुलस गया। बेटे से किसी विवाद से इनकार किया है।

भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची आज!

first list of bjp candidates may come today
लोकसभा की सियासी जंग के लिए भाजपा बृहस्पतिवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। केंद्रीय चुनाव समिति की शिवरात्रि को होने जा रही बैठक में पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे।

पहली सूची में भाजपा पूर्वोत्तर समेत छोटे राज्यों के लिए प्रत्याशियों के नाम जारी कर सकती है लेकिन इसमें बड़े नेताओं के नाम शामिल होने की संभावना बहुत कम है।

इस बार केंद्र में सरकार बनाने की उम्मीद कर रही भाजपा में टिकटों को लेकर ज्यादा मारामारी है। माना जा रहा है कि ज्यादातर नाम अंतिम समय पर ही जारी किए जाएंगे।

भाजपा इस बार लोकसभा की 543 सीटों में से 425 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। बृहस्पतिवार को प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।