Wednesday, February 19, 2014

वसुंधरा के मंत्री के बयान पर बवाल, तीन परिवाद दायर

case on nandlal meena
राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा के सवर्ण जातियों के विरोध में दिए बयान को लेकर मंगलवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन हुए और पुतले फूंके गए।

मीणा के खिलाफ निचली अदालत में तीन परिवाद दायर हुए, इनमें से एक सुनवाई 25 फरवरी को होगी। प्रदर्शन कर रहे सवर्ण संगठनों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी देते हुए मीणा को 24 घंटे में माफी मांगने के लिए कहा।

मीणा को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग भी उठने लगी है। मीणा ने विवादित बयान में कहा था कि मीणा समाज के पिछड़े रहने के लिए बनिये-ब्राह्मण जिम्मेदार हैं।

ब्राह्मण व वैश्य संगठनों ने मीणा के बयान की निंदा करते हुए कहा कि समाजों में भेदभाव पैदा करने वाले मंत्री को तुरंत निष्कासित कर देना चाहिए।

सर्व ब्राह्मण महासभा, विप्र फाउंडेशन राजस्थान, नेशनल ब्राह्मण वेलफेयर सोसायटी, गौड़ ब्राह्मण महासभा राजस्थान, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन, जागो पार्टी सहित कई संगठनों ने कहा है कि समाज विशेष के पिछड़े रहने के पीछे किसी अन्य समाज को दोष देना गलत है।

राजस्थान में विभिन्न संगठनों ने जयपुर सहित सभी जिलों में मीणा के खिलाफ प्रदर्शन किया गया तथा जयपुर सहित 19 जिलों में उनके पुतले फूंके। इधर, आदिवासी मीणा समाज के नेता डूंगर सिंह मीणा ने भी जनजातीय मंत्री के विवादित बयान का विरोध जताया।

पायलट व दुष्यंत के खिलाफ आप उतारेगी उम्मीदवार

aap candidates against pilot
राजस्थान में आम आदमी पार्टी केन्द्रीय मंत्री व राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र सांसद दुष्यंत सिंह जैसे नेताओं के सामने अपने उम्मीदवार उतारेगी।

लोकसभा चुनावों को लेकर आप पार्टी की ओर से दूसरे दौर के साक्षात्कार लिए जा रहे हैं। भैरोंसिंह शेखावत की सरकार के समय राज्य मंत्री रहे विकास मोदी ने भी आप को जोधपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए साक्षात्कार दिया है।

जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी जल्द ही राजस्थान के लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। आप पायलट के साथ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, नमो नारायण मीणा, गिरिजा व्यास, चंद्रेश कुमारी कटोच के खिलाफ भी अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में जुटी है।

आप ने राजस्थान में कांग्रेस-भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प बनकर उभरने का मानस बनाया है। पार्टी नेता गोपाल राय ने बताया कि कुछ सीटों के लिए छानबीन का काम पूरा हो गया है और उम्मीदवारों की घोषणा जल्दी होगी। राय के मुताबिक हमारी कोशिश है कि हम सभी 25 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारें।

जयपुर शहर से परिहार ने मांगा टिकट
जानकारी के अनुसार दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़े राजकुमार परिहार ने जयपुर शहर से लोकसभा सीट से टिकट के लिए इंटरव्यू दिया।

गौरतलब है कि प्रदेश से आप पार्टी से टिकट की चाह में कुल 368 लोगों ने आवेदन किया था। पहले चरण में 240 आवेदक व दूसरे चरण में 86 आवेदकों ने इंटरव्यू दिए।

5 स्टार होटल में बुलाकर करती थी ठगी

Martyr's wife arrest in thuggee
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस ने मंगलवार को अपने पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी बेचने के नाम पर 3.70 करोड़ रुपये ठगी के आरोप में शहीद आर्मी अफसर की पत्नी तान्या कपूर (50) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से तान्या को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार� सेक्टर-41 नोएडा निवासी तान्या के पति सेना में वरिष्ठ पद पर तैनात थे।

वर्ष 1992 में चीन बॉर्डर पर शहीद होने के बाद भारत सरकार ने तान्या को ग्रीन पार्क के अरविंदो रोड पर शहीद कोटे के तहत बीपीसीएल पेट्रोल पंप अलॉट किया था।

बताया गया है कि वर्ष 2012 में तान्या ने लाजपत नगर और सफदरजंग एन्क्लेव में रहने वाले दो लोगों को पेट्रोल पंप के 49 प्रतिशत शेयर बेच दिए थे। आरोप है कि शेयर बेचने के नाम पर तान्या ने लोगों से करोड़ों रुपये लिए थे।

सितंबर, 2013 में रोहिणी निवासी नरेश त्यागी, गुड़गांव निवासी आकाश मिश्रा और रजनीश त्यागी ने करीब 3.70 करोड़ रुपये की ठगी की शिकायत सफदरजंग एन्क्लेव थाने में दर्ज कराई थी।

तफ्तीश के बाद पुलिस ने तान्या को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि तान्या सौदा करने के लिए लोगों को फाइव स्टार होटल में बुलाती थी। और भी कई लोगों ने शिकायत की है।

1 माह और बढ़ी संजय दत्त की पैरोल

sanjay dutt's parole extended again by a month
वर्ष 1993 के मुंबई सीरियल विस्फोट से जुड़े एक मामले में दोषी करार दिए गए अभिनेता संजय दत्त की पैरोल की अवधि और एक माह बढ़ा दी गई है।

जिला प्रशासन ने पत्नी मान्यता की तबियत खराब होने की वजह से संजय की पैरोल बढ़ाने की मंजूरी दी है। अवैध हथियार रखने के दोषी 53 वर्षीय संजय को पैरोल अवधि पूरा होने के बाद 21 फरवरी को यहां की येरवदा जेल में लौटना था।

सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल संजय को पांच साल की सजा सुनाई थी। वह अब तक 18 माह की सजा काट चुके हैं और उन्हें अभी 42 महीने की सजा काटनी है।

मंडल आयुक्त कार्यालय ने उन्हें 21 मार्च तक की पैरोल की मंजूरी दी है। प्रशासन ने कहा कि नियमों के मुताबिक इस साल यह संजय की अंतिम पैरोल होगी।

संजय ने पत्नी की देखरेख करने के लिए पैरोल की मांग की थी। उनकी पत्नी का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। पिछले माह महाराष्ट्र सरकार ने पत्नी की बीमारी के आधार पर ही संजय की पैरोल की अवधि एक माह बढ़ा दी थी। इससे पहले अभिनेता ने स्वास्थ्य कारणों से एक माह की छुट्टी ली थी।

Monday, February 17, 2014

नाबालिग बेटी के साथ पिता ने किया रेप!

father rape with daughter
हरियाणा के खरखौदा उपमंडल के एक गांव में किराए के मकान में रह रही नाबालिग लड़की ने अपने पिता पर दुराचार का आरोप लगाया है। लड़की ने मामले की सूचना दिल्ली के बवाना में रह रही अपनी चाची को दी। इसके बाद शिकायत महिला थाना पुलिस सोनीपत को दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया है। आरोपी हीरालाल (काल्पनिक नाम) यूपी के जिला एटा के एक गांव का मूल निवासी है। 12 वर्षीय नाबालिग ने बताया कि वह पिछले वर्ष अक्टूबर में अपने चाचा-चाची के साथ दिल्ली में रहती थी।

लड़की के मुताबिक खरखौदा के एक गांव में रहने आने पर उसके पिता ने दुराचार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। 10 फरवरी को वह अपने चाचा-चाची के पास वापस चली गई और पूरे प्रकरण के बारे में बताया।

पढ़ें, यूपी में बसपा नेता को गोल‌ियों से भूना

महिला थाना प्रभारी प्रोमिला ने बताया कि लड़की ने अपनी शिकायत में अपने पिता के खिलाफ आरोप लगाया था। आरोपी को काबू कर लिया गया है। आरोपी ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी है।

पुलिस की जांच जारी
डीएसपी अजीत सिंह ने कहा कि लड़की की शिकायत मिलते ही उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने भी दुराचार की बात कही है। हालांकि सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने पर दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है।

फेरों से ठीक पहले हुई दूल्हे की मौत

death of Bridegroom
गांव जोड़ी खुर्द में शनिवार रात बारात लेकर पहुंचे दूल्हे की ठीक फेरों से पहले अचानक तबीयत खराब हो गई। दूल्हा गौरवे की रस्म के दौरान अचानक पीछे की तरफ लुढ़क गया।

दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई और रात में ही बारात बिना दुल्हन गांव मीरपुर लौट आई। घटना से दोनों गांवों में मातम छा गया।

गांव मीरपुर निवासी सतबीर ने अपने बेटे रविंद्र (24) की शादी पटौदी क्षेत्र के गांव जोड़ी खुर्द निवासी रेखा के साथ तय की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार शाम बारात गांव जोड़ी खुर्द पहुंच गई और वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो गया।

वहां महिलाओं ने रस्म के तहत पहले दूल्हे को दूध पिलाया। उसके बाद गौरवे की रस्म शुरू हुई और पंडित ने मंत्रोच्चारण शुरू किया। अचानक दूल्हा रविंद्र निढाल होकर पीछे की ओर लुढ़क गया।

इससे वहां अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। रविंद्र को 23 फरवरी को अहमदाबाद में कंट्रोल ऑडिटर जनरल के पद पर नौकरी ज्वाइन करनी थी।

मौत की सूचना मिलते ही बारातियों व दुल्हन पक्ष के लोगों की खुशियां मातम में बदल गई। रविंद्र के शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। अभी मौत के कारणों का कुछ पता नहीं लग सका है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग सकेगा।

ट्रिपल मर्डर: पार्किंग विवाद बना वारदात की वजह

Tripple murder in Jaitapur Delhi
पार्किंग को लेकर दोनों परिवारों में विवाद था। हत्या का मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

- डॉ. पी करुणाकरन, पुलिस उपायुक्त, दक्षिण-पूर्व जिला

दिल्ली के जैतपुर इलाके में पुराने पार्किंग विवाद को लेकर शनिवार रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में दंपति और उनका बेटा शामिल है। नाराज लोगों ने रविवार को मीठापुर चौक पर जाम लगा दिया।

पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को हटाया। पुलिस ने हत्या के आरोप में पड़ोसी बीर सिंह और उसके साथी सचिन को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक ओम प्रकाश मिश्रा (51) गली नंबर-5, ए-ब्लॉक ओम नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी शांति (47), बेटे अमित उर्फ रिंकू (25), सुजीत (29) और अजीत (21), सुजीत की पत्नी सरला व तीन बच्चे थे। ओम प्रकाश, सुजीत व अमित एक्सपोर्ट हाउस में नौकरी करते थे, जबकि अजीत ने 12वीं पास की है।
Triple murder
शनिवार रात सवा नौ बजे अमित दफ्तर से बाइक पर लौट रहा था। इसी दौरान गली में खड़ी कार में बैठे बीर सिंह, सचिन समेत अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। अमित कुछ समझ पाता, इससे पहले उसे गोली मार दी। बेटे की चिल्लाने की आवाज सुनकर शांति व ओम प्रकाश घर से बाहर आए तो बदमाशों ने उन्हें भी गोली मार दी।

बदमाश वहीं खड़े होकर गोलियां चलाते रहे। इस दौरान गली में पहुंचे अजीत ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने घर में मौजूद सरला को भी मारने की कोशिश की। बदमाशों ने घर के दरवाजे पर फायरिंग की, लेकिन सरला ने दरवाजा नहीं खोला।

20 से 25 राउंड फायरिंग करने के बाद भागते समय आरोपियों ने डॉक्टर सरकार की क्लीनिक पर भी गोली चलाई, जो वहां बैठे एक मरीज को छूती हुई निकल गई। रविवार को पुलिस ने एम्स अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। नाराज लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोपहर एक से लेकर शाम चार बजे तक मीठापुर चौक पर जाम लगाए रखा।

पार्किंग विवाद बना वारदात की वजह
ओम प्रकाश के पड़ोस में आरोपी बीर सिंह (45) का परिवार रहता है। बताया गया है कि अक्तूबर 2013 में ओम प्रकाश ने अपना मकान तुड़वा कर दोबारा बनवाना शुरू किया। इस दौरान ओम प्रकाश ने कुछ समय के लिए बीर सिंह के सामने वाला मकान किराए पर ले लिया था। सात अक्तूबर को ओम प्रकाश के बेटे अमित ने बीर सिंह के घर के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी। आरोप है कि इससे नाराज बीर सिंह ने अपने जानकार सचिन (30) व अन्य को बुलाकर परिवार पर हमला कर दिया। इसमें ओम प्रकाश और उनके बेटों को चोट लगी, लेकिन परिवार ने पुलिस से शिकायत नहीं की।
Triple murder
इसके बाद बीर सिंह व सचिन ने परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया। 22 अक्तूबर को सचिन ने ओमप्रकाश के परिवार को डंडों से बुरी तरह पीटा। सचिन ने घर में घुसकर सुजीत की पत्नी से छेड़छाड़ की। जब मामला थाने पहुंचा तो सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद तीन नवंबर को सचिन व उसके साथियों ने एक बार फिर परिवार पर हमला किया, जिसमें सभी परिजन घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोबारा मामला दर्ज किया। आरोप है सचिन व बीर सिंह पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शनिवार रात उन्होंने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।