Friday, January 31, 2014

कोच ने कमरे में बुलाकर की खिलाड़ियों से छेड़खानी

Two sport officials coach held for molesting kho kho players
भिलाई में छत्तीसगढ़ खो-खो एसोसिएशन की राज्य टीम की महिला खिलाड़ियों से छेड़खानी के आरोप में इसके दो अधिकारियों और एक कोच को गिरफ्तार कर लिया गया है। कथित छेड़खानी की शिकार खिलाड़ियों में कई नाबालिग हैं।

भिलाई के एसपी वीरेंद्र सत्पथी के मुताबिक कथित तौर पर छेड़खानी की शिकार खिलाड़ियों ने कहा कि एसोसिएशन के जनरल सेक्रेट्री एस राजू, कोषाध्यक्ष जगबंधु जेना और कोच मुरली रेड्डी ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया और उनके साथ छेड़खानी की। इन तीनों ने अश्लील इशारे भी किए।

मामला दर्ज होने के बाद इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार की रात को इन लोगों के खिलाफ 11 लड़कियों ने मामले दर्ज कराए थे। इनमें से छह नाबालिग हैं।

आरोपियों को बृहस्पतिवार को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कथित तौर पर छेड़खानी की यह घटना जूनियर और सीनियर खो-खो खिलाड़ियों के नेशनल कैंप में हुई। भिलाई के सेक्टर-4 में यह कैंप लगाया गया है।

लड़कियां यहीं भिलाई स्टील प्लांट के हॉस्टल में ठहरी हुई हैं। छेड़खानी की शिकार ये लड़कियां दुर्ग, राजनांदगांव, बलोद और बेमेतारा जिले के गांवों की रहने वाली हैं।

अनुसूचित जाति और जनजाति समुदाय की ये लड़कियां पहले तो शिकायत दर्ज कराने में हिचकिचा रही थीं लेकिन बाद में उन्होंने सामूहिक तौर पर मामला दर्ज कराने का फैसला किया।

बरखा मामला: केजरीवाल से एलजी ने पूछे सवाल

lg question to delhi govt over barkha singh issue
दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल के बीच पिछली सरकार की तरह ही जंग शुरू हो सकती है। अरविंद केजरीवाल की सरकार ने महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह को हटाने की जो सिफारिश भेजी है, उस पर उपराज्यपाल नजीब जंग ने सरकार से कुछ सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर महिला आयोग को पुनर्गठित करने के प्रस्ताव के क्या कारण हैं?

महिला आयोग की अध्यक्ष का तर्क है कि अभी एक साल पांच महीने का कार्यकाल बचा है। ऐसे में जो नियम है उसके तहत नहीं हटाया जा सकता।

अरविंद केजरीवाल का कहना है कि बरखा शुक्ला सिंह कांग्रेस की नेता हैं, कांग्रेस के टिकट पर विधायक बनी हैं। फिर स्वतंत्र तरीके से काम कैसे कर सकती हैं। जब भी नई सरकार आती है तो अपनी पार्टी के लोगों को लगा देती है। यह हम भी कर सकते थे लेकिन ऐसा न करके मैत्रेयी पुष्पा का नाम प्रस्तावित करके उपराज्यपाल को फाइल भेजी है। अच्छे लोग आयोग में आएंगे तो अच्छा काम होगा। इन्हें सभी काम के कारण जानते हैं।

केजरीवाल ने साफ किया है कि वो आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई नहीं हैं। फिर सिर्फ एक रुपये मासिक के वेतन में काम करेंगी। दिल्ली महिला आयोग में राजनीतिक व्यक्तियों को शामिल किया गया, जिन्हें हटाना है। फिर कानून मंत्री की जहां तक बात है तो उनका कोई ट्रायल नहीं चल रहा है। उपराज्यपाल की स्वतंत्र समिति जांच कर रही है, एक एफआईआर भी दर्ज है तो फिर महिला आयोग का बुलावा तो राजनीतिक ही लगता है।

बरखा ने एलजी से मुलाकात की
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने पद पर बने रहने के अधिकार व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने की चर्चा की।

उपराज्यपाल से मुलाकात के बाद फिर साफ किया कि उनका डेढ़ साल का कार्यकाल बाकी है और वह आगे काम करेंगी। बरखा सिंह को नियमों के मुताबिक जो होगा वह करने का आश्वासन उपराज्यपाल से मिला है।

बरखा सिंह ने 'आप' के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन उपराज्यपाल को सौंपा है। इसमें उन्होंने कहा कि कानून मंत्री सोमनाथ भारती को समन दिए जाने के कारण उन्हें पद से हटाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने उपराज्यपाल से युगांडा की महिलाओं के आरोपों के आधार पर सोमनाथ भारती के खिलाफ सेक्शन 354 (छेड़छाड़), 506 (धमकाना), 509 (घूरना), 34 (एक से ज्यादा आदमी), व 153 (ए) (भड़काऊ भाषण) के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है।

'खाप पंचायतों पर नहीं लगाएंगे प्रतिबंध'

no need to ban Khap panchayats says Kejriwal
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि खाप पंचायतों को प्रतिबंधित करने की कोई जरूरत नहीं है।

केजरीवाल ने कहा कि भले ही इन पंचायतों का रुख महिलाओं को लेकर सख्त रहा हो, लेकिन वह इन पर रोक नहीं लगाएंगे क्योंकि ये पंचायतें अपनी परंपराओं को बचाने के लिए काम कर रही हैं।

ऑनर किलिंग जैसे फैसलों के लिए खाप पंचायतों की आलोचना होती रही है।

पढ़ें, 'आप' उतारेगी 350 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार

केजरीवाल ने कहा कि देश में लोगों के एक जगह जुटने पर कोई पाबंदी नहीं है। खाप पंचायत भी लोगों का एक समूह ही है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जब ये लोग गलत या गैर कानूनी फैसला करें तो उन्हें इसकी सजा मिलनी चाहिए।

राजद और कांग्रेस से मिलकर चुनाव लड़ेगी पासवान की पार्टी

LJP to contest polls along with RJD Congress
रामविलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी बिहार में राष्ट्रीय जनता और कांग्रेस के साथ मिल कर चुनाव लड़ेगी। तीनों पार्टियां अब सीटों के बंटवारे पर विचार-विमर्श करेंगी।

पासवान ने नए गठजोड़ का ऐलान करते हुए मीडिया की उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि उनकी पार्टी चुनाव में घाटा होने की आशंका से राष्ट्रीय जनता दल से गठजो़ड़ नहीं करना चाहती थी।

हालांकि पहले उन्होंने कहा था कि पार्टी के अंदर इस सिलसिले में सहमति नहीं थी कि राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठजोड़ किया जाए या जनता दल यूनाइटेड के साथ। लेकिन उन्होंने यह फैसला कांग्रेस पर छोड़ दिया था।

कांग्रेस जिधर जाती लोक जनशक्ति पार्टी भी उसी की राह पकड़ती। अब इस बात की संभावना जताई जा रही है राष्ट्रीय जनता दल, लोक जनशक्ति पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन भाजपा जैसी सांप्रदायिक ताकत को क़ड़ी टक्कर दे सकता है।

उन्होंने चुनावी गठबंधन पर विचार-विमर्श करने के लिए बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सोनिया से एक महीने के भीतर उनकी यह दूसरी मुलाकात थी।

लोक जनशक्ति पार्टी इस बार बिहार में दस सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वर्ष 2009 में यह 12 सीटों पर लड़ी थी। सभी सीटों पर उसे हार मिली थी। लेकिन दस सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे स्थान पर थे।

5th ODI LIVE: न्यूजीलैंड को दूसरा झटका

5th ODI LIVE:  india vs new zealand
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें वनडे मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।

भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान धोनी के फैसले को सही साबित करते हुए कीवी टीम को शुरुआती दो झटके दिए।

न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए हैं। विलियम्‍सन 19 और टेलर 19 रन बनाकर खेल रह‌े हैं।

भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया को पहली सफलता जेसी राइडर को 17 रन पर आउट कर दिलाई। वहीं वरूण अरोन ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर गुप्टिल को मोहम्मद शमी के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया।

न्यूजीलैंड का पहला विकेट आठवें ओवर की चौथी गेंद पर 22 रन पर और दूसरा विकेट 41 रन पर 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा।

धोनी ने इससे पहले खेले गए सभी चारों मैच में टॉस जीता और शुरू के तीन मैच में पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। जबकि चौथे मैच में पहले बल्‍लेबाजी का फैसला लिया।

पांच मैचों की सीरीज के तीन मैच जीतकर मेजबान न्यूजीलैंड ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। जबकि ऑकलैंड में खेला गया तीसरा मैच टाई पर खत्‍म हुआ था।

झंझटों से मिली मुक्ति, पैन कार्ड बनवाना हुआ आसान

not change related to pan card
केंद्र सरकार ने पैन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में तीन फरवरी से किए जाने वाले बदलाव को फिलहाल टाल दिया है।

वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को जारी अपने बयान में कहा कि इस संबंध में 16 जनवरी को बदलाव को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन अब इस बदलाव को टाला जा रहा है।

मंत्रालय ने कहा है कि अगले आदेश तक पुरानी प्रक्रिया जारी रहेगी। इस संबंध में पैन सेवा प्रदाताओं को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।

सरकार ने पैन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए कहा था कि इसके लिए तीन फरवरी से आवेदकों को पहचान, आवास और जन्म प्रमाण पत्र की मूल प्रति दिखानी होगी और उसके बाद ही पैन कार्ड जारी किया जाएगा।

प्रेमी ने गोली मारी, फिर ले गया अस्पताल

lover shot girlfriend and took to hospital
नई दिल्ली के करावल नगर में बुधवार शाम युवक ने प्रेमिका से नाराज होकर जांघ में गोली मार दी। इसके बाद खुद ही वह उसे ऑटो में बिठाकर सेंट स्टीफन अस्पताल ले गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी व युवती दो बाइक सवारों द्वारा गोली मारने की बात करते रहे।

सख्ती से पूछने पर आरोपी ने गुनाह कबूल लिया। पुलिस ने मनोज (23) को गिरफ्तार करके वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रेम विहार निवासी सपना (18, बदला नाम) डीयू में पत्राचार से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। सपना के पिता ने घर के नीचे मनोज और उसके चाचा को कुछ हिस्सा किराये पर दिया हुआ है। मनोज ने यहां दुकान खोल रखी है।

बुधवार को शाम का सपना कॉलेज से घर पहुंची तो मनोज ने उसे कमरे में बुला लिया। यहां दोनों में कहासुनी हुई। इस बीच मनोज ने गोली चला दी। वारदात के बाद मनोज बाइक सवारों द्वारा गोली मारने की बात कहकर सपना को ऑटो में बिठाकर अस्पताल ले गया।

पुलिस को दोनों के बयानों पर शक हुआ। सख्ती करने पर मनोज ने गोली चलाने की बात मान ली। जांच में पुलिस को मनोज के कमरे से काफी खून मिला है।